उत्तराखण्ड
रक्षाबंधन पर महिलाओं को सरकार की सौगात, 28-29 अगस्त को रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा।

संवादसूत्र देहरादून। रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश की महिलाओं को बड़ी सौगात दी है। 28 और 29 अगस्त 2026 को उत्तराखंड की महिलाएं उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों में प्रदेश के भीतर निशुल्क यात्रा कर सकेंगी। इस दौरान महिलाओं को बस किराये में 100 प्रतिशत छूट मिलेगी।
उत्तराखंड शासन की ओर से इस संबंध में शासनादेश जारी कर उत्तराखंड परिवहन निगम को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। आदेश के अनुसार रक्षाबंधन के अवसर पर दोनों दिनों में प्रदेश की महिलाओं से रोडवेज बसों में यात्रा का कोई किराया नहीं लिया जाएगा।
मायके जाने वाली महिलाओं को मिलेगी राहत
रक्षाबंधन पर बड़ी संख्या में महिलाएं अपने मायके और परिजनों से मिलने के लिए यात्रा करती हैं। सरकार के इस फैसले से महिलाओं को पर्व के दौरान सुरक्षित और सुगम सार्वजनिक परिवहन की सुविधा मिलने के साथ आर्थिक राहत भी मिलेगी।
सरकार करेगी परिवहन निगम के खर्च की भरपाई
शासनादेश में अपर सचिव उत्तराखंड शासन रीना जोशी ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं को निशुल्क यात्रा सुविधा देने के कारण उत्तराखंड परिवहन निगम पर पड़ने वाले आर्थिक भार की प्रतिपूर्ति राज्य सरकार करेगी। परिवहन विभाग ने निगम को शासनादेश के अनुरूप तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
सरकार ने इस निर्णय को महिला सम्मान, सुविधा और सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।




