उत्तराखण्ड
सहस्त्रधारा में सेल्फी लेते समय नदी में गिरी हरियाणा की महिला की मौत।

संवादसूत्र देहरादून। सहस्त्रधारा घूमने आई हरियाणा की 28 वर्षीय महिला की नदी में गिरने से मौत हो गई। शनिवार को महिला नदी किनारे सेल्फी ले रही थी, इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से वह तेज बहाव में बह गई।
घटना की सूचना मिलते ही राजपुर थाना पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस, एसडीआरएफ जवानों और स्थानीय लोगों ने महिला की तलाश के लिए अभियान चलाया। काफी प्रयास के बाद महिला को नदी से बाहर निकाला गया और तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, सीजन ड्यूटी में तैनात कांस्टेबल संदीप जोगीवाल ने चौकी आईटी पार्क को घटना की सूचना दी थी। सूचना मिलते ही पुलिस ने रेस्क्यू अभियान शुरू कराया। मृतका की पहचान हरियाणा निवासी नेहा (28) के रूप में हुई है।
पुलिस ने पर्यटकों से नदी और जलस्रोतों के किनारे विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। तेज बहाव वाले स्थानों पर सेल्फी लेने या जोखिम उठाने से बचने की सलाह दी गई है।




