उत्तराखण्ड
चारधाम यात्रा 2026 की तैयारियों पर उच्चस्तरीय समीक्षा।

संवादसूत्र देहरादून: मुख्य सचिव आनंद बर्धन की अध्यक्षता में चारधाम यात्रा 2026 की तैयारियों को लेकर विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में यात्रा को सुरक्षित, सुगम, गतिशील और तकनीक-सक्षम बनाने के लिए सभी विभागों को सौंपे गए दायित्वों को समयबद्ध और प्रभावी ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए गए।
स्वास्थ्य, विद्युत और आपदा प्रबंधन पर विशेष फोकस
मुख्य सचिव ने सचिव सचिन कुर्वे को केदारनाथ–बद्रीनाथ रूट पर सभी चिकित्सालयों को पूर्ण रूप से क्रियाशील करने के निर्देश दिए। ऊर्जा विभाग को निर्बाध एवं संतुलित वोल्टेज की विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया।
आपदा प्रबंधन एवं पुलिस विभाग को यात्रा मार्ग पर ट्रैफिक जाम, भीड़ अथवा किसी भी आकस्मिक स्थिति की सूचना यात्रियों को व्हाट्सएप अलर्ट के माध्यम से तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। एक सप्ताह के भीतर इसकी प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने को भी कहा गया।
आकस्मिक प्रबंधन और संसाधनों की पूर्व तैयारी
किसी आपात स्थिति में यात्रा रोकने की आवश्यकता पड़ने पर अवधि और स्थान निर्धारण की जिम्मेदारी आयुक्त गढ़वाल मंडल को सौंपी गई। यात्रा मार्ग पर आवश्यक मशीनों, उपकरणों और टूल्स की अग्रिम प्रपोजिशनिंग तथा परिसंपत्तियों की मैपिंग के निर्देश दिए गए, ताकि जरूरत पड़ने पर उनका त्वरित उपयोग हो सके।
पशुपालन विभाग को यात्रा मार्ग पर पशुधन के पंजीकरण, उपचार और आकस्मिक मृत्यु की स्थिति में समुचित निस्तारण के लिए स्थानीय निकायों के साथ समन्वय स्थापित करने को कहा गया।
तकनीक आधारित सुविधाएं और पारदर्शिता
मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि प्रमुख स्थलों पर क्यूआर कोड लगाए जाएं, जिनके माध्यम से यात्रियों को संबंधित स्थान और आसपास की महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हो सके। साथ ही स्पष्ट एवं सारगर्भित साइनेज लगाने और यात्रा संचालन हेतु मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) जारी करने के निर्देश भी दिए गए।
जिलाधिकारी चमोली, रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी को स्थानीय स्तर पर सभी विभागों एवं हितधारकों के साथ समन्वय स्थापित कर व्यवस्थाएं सुदृढ़ करने को कहा गया। विगत वर्षों के अनुभवों की समीक्षा करते हुए प्रभावी भीड़ प्रबंधन योजना तैयार करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में प्रमुख सचिव आर. के. सुधांशु, अपर पुलिस महानिदेशक डॉ. वी. मुरुगेशन, आयुक्त गढ़वाल मंडल विनय शंकर पांडेय, अपर सचिव मुख्यमंत्री बंशीधर तिवारी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, बद्री-केदार मंदिर समिति, गढ़वाल मंडल विकास निगम, पुलिस, स्वास्थ्य, लोक निर्माण, परिवहन, पर्यटन, विद्युत, सिविल एविएशन, बीएसएनएल, आईटीडीए और चारधाम होटल एसोसिएशन उत्तराखंड के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।




