उत्तराखण्ड
खिलाड़ियों का सम्मान: 3 करोड़ से अधिक की इनामी राशि जारी।

संवादसूत्र देहरादून: राज्य में राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को बड़ी सौगात दी गई है। खेल मंत्री रेखा आर्य ने यमुना कॉलोनी स्थित कैंप कार्यालय में तीन करोड़ रुपये से अधिक की इनामी धनराशि डीबीटी के माध्यम से खिलाड़ियों के खातों में ट्रांसफर की।
खेल मंत्री ने बताया कि यह राशि उन खिलाड़ियों को दी गई है जिन्होंने 1 जुलाई 2024 से 31 मार्च 2025 के बीच विभिन्न अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीते हैं। इसके अलावा 38वें राष्ट्रीय खेलों के कुछ ऐसे खिलाड़ी और प्रशिक्षक, जो पहले कागजी औपचारिकताएं पूरी न कर पाने के कारण इनाम से वंचित रह गए थे, उन्हें भी अब यह धनराशि प्रदान कर दी गई है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है और भविष्य में भी इस दिशा में लगातार कार्य किया जाएगा। साथ ही पदक विजेताओं को आउट ऑफ टर्न सरकारी नौकरी देने की प्रक्रिया को भी तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।
खेल मंत्री ने भरोसा दिलाया कि जल्द ही विभिन्न विभागों में पद सृजित कर खिलाड़ियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि वे खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ अपने भविष्य को भी सुरक्षित कर सकें।




