उत्तराखण्ड
हरिद्वार–लक्सर मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, कार और ई-रिक्शा की टक्कर में तीन की मौत।

संवादसूत्र देहरादून/हरिद्वार: हरिद्वार–लक्सर मार्ग पर कटारपुर गांव के पास रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अनियंत्रित कार और ई-रिक्शा के बीच आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसा इतना जबरदस्त था कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग चीख-पुकार सुनकर घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे में ई-रिक्शा चालक और उसमें सवार एक यात्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार चालक ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान
विकास कुमार, निवासी फेरूपुर (कार चालक)
चरण सिंह, निवासी कलियर, रुड़की
आस मुहम्मद, निवासी नसीरपुर खुर्द, लक्सर (ई-रिक्शा चालक)
के रूप में हुई है। वहीं चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं, जिनका इलाज जारी है।
पथरी थाना प्रभारी मनोज नौटियाल ने बताया कि पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को दुर्घटना का कारण माना जा रहा है। मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है और दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया गया है।




