उत्तराखण्ड
7 मार्च के हरिद्वार दौरे को लेकर तैयारियों की गहन समीक्षा।

संवादसूत्र देहरादून: पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को मुख्यमंत्री आवास में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में 7 मार्च को प्रस्तावित हरिद्वार भ्रमण के संबंध में अमित शाह के कार्यक्रम की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम की सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध, सुव्यवस्थित एवं गरिमापूर्ण ढंग से सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने कहा कि भ्रमण के दौरान सुरक्षा, यातायात, जनसुविधाओं तथा विभागीय समन्वय से संबंधित सभी व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित होनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से निर्देशित किया कि हरिद्वार एक महत्वपूर्ण धार्मिक एवं सांस्कृतिक नगरी है, इसलिए कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं एवं आमजन को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। इसके लिए सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने, यातायात प्रबंधन की प्रभावी योजना बनाने, पार्किंग व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा संबंधित विभागों के बीच समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
साथ ही कार्यक्रम स्थलों पर स्वच्छता, पेयजल, निर्बाध विद्युत आपूर्ति एवं स्वास्थ्य सेवाओं की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा गया।
बैठक में गढ़वाल मंडल आयुक्त श्री विनय शंकर पाण्डेय, जिलाधिकारी हरिद्वार श्री मयूर दीक्षित, जिलाधिकारी देहरादून श्री सविन बंसल तथा अपर सचिव श्री बंशीधर तिवारी सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को कार्यक्रम की तैयारियों की प्रगति से अवगत कराया।
मुख्यमंत्री ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा किसी भी स्तर पर शिथिलता न बरती जाए, ताकि केंद्रीय गृह मंत्री का हरिद्वार भ्रमण सफलतापूर्वक एवं सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके।




