उत्तराखण्ड
मदमहेश्वर में गंभीर रूप से बीमार यात्री का एयर एम्बुलेंस से रेस्क्यू, जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
संवादसूत्र देहरादून/रुद्रप्रयाग: मदमहेश्वर मंदिर क्षेत्र में एक यात्री की अचानक तबीयत बिगड़ने पर प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एयर एम्बुलेंस के माध्यम से उसका सफल रेस्क्यू कराया।
जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र से प्राप्त जानकारी के अनुसार शिवा पुत्र कुलदीप सिंह, निवासी अज्ञात, मदमहेश्वर मंदिर के समीप मौजूद थे। उनकी स्वास्थ्य स्थिति अत्यंत गंभीर बनी हुई थी। सूचना के अनुसार उन्हें दो बार हार्ट अटैक आ चुका था, जिसके कारण उनकी हालत लगातार नाजुक बनी हुई थी और तत्काल उच्च स्तरीय चिकित्सकीय उपचार की आवश्यकता थी।
यात्री दुर्गम पर्वतीय क्षेत्र में होने के कारण स्थल तक पहुंचना और मैनुअल रेस्क्यू करना चुनौतीपूर्ण था। ऐसे में समय की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन ने एयर एम्बुलेंस की सहायता से रेस्क्यू अभियान चलाया।
प्रशासन की तत्परता से यात्री को सायं 6:03 बजे मदमहेश्वर क्षेत्र से एयरलिफ्ट कर जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग लाया गया, जहां उसे बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
प्रशासन ने बताया कि चिकित्सकीय आपातकाल की स्थिति को देखते हुए यह निर्णय लिया गया, जिससे समय रहते मरीज को उपचार उपलब्ध कराया जा सके और उसके जीवन की रक्षा की जा सके।
यात्री का विवरण नाम – शिवा
पिता – कुलदीप सिंह
आयु – लगभग 30 वर्ष




