उत्तराखण्ड
घनसाली में 41.21 करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास।

संवादसूत्र देहरादून/टिहरी गढ़वाल: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को जनपद टिहरी के घनसाली में 41.21 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 13.43 करोड़ रुपये की तीन योजनाओं का लोकार्पण तथा 27.78 करोड़ रुपये की पांच योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। साथ ही प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पिलखी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में उच्चीकृत करने का शिलान्यास भी किया गया।
इस अवसर पर अस्पताल के लिए भूमि दान करने वाले कृष्णा गैरोला एवं उनके परिवार को मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन योजनाओं का शिलान्यास किया गया है, उनका कार्य समयबद्ध रूप से पूरा कर शीघ्र लोकार्पण सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार पहाड़ी क्षेत्रों में सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।
उन्होंने बताया कि आयुष्मान भारत योजना के तहत प्रत्येक परिवार को प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये तक के नि:शुल्क उपचार की सुविधा मिल रही है। साथ ही डीबीटी के माध्यम से योजनाओं का लाभ सीधे लाभार्थियों के खातों में पारदर्शिता के साथ पहुंचाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नंदा गौरा योजना के तहत बेटियों को 51 हजार रुपये की सहायता प्रदान की जा रही है। प्रदेश में आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है और घनसाली क्षेत्र में भी स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ किया जाएगा।
उन्होंने स्वर्गीय इंद्रमणी बडोनी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए क्षेत्र की प्रमुख मांगों पर प्राथमिकता से कार्य करने का आश्वासन दिया। पिलखी बेलेश्वर क्षेत्र में उप-चिकित्सालय स्थापित करने की घोषणा भी की गई।
लोकार्पित योजनाएं
पीएमजीएसवाई के अंतर्गत धमातोली–घनसाली अखोड़ी मोटर मार्ग अपग्रेडेशन
नागेश्वर सौड़–गोना मोटर मार्ग अपग्रेडेशन
राजकीय इंटर कॉलेज कोट विशन में भवन पुनर्निर्माण
शिलान्यासित योजनाएं
यू-प्रिपेयर योजना के तहत 50 मीटर स्टील गर्डर मोटर सेतु निर्माण
तहसील बालगंगा के आवासीय एवं अनावासीय भवन निर्माण
गंगी में स्वास्थ्य उपकेंद्र निर्माण
पीएचसी पिलखी का सीएचसी में उच्चीकरण
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल, एसएसपी आयुष अग्रवाल, सीडीओ वरुणा अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनता उपस्थित




