उत्तराखण्ड
रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस का शुभारंभ, कुमाऊं-गढ़वाल को मिली नई रेल कनेक्टिविटी की सौगात।

देहरादून। उत्तराखंड की रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए शनिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने वर्चुअल माध्यम से रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस रेल सेवा का संयुक्त रूप से फ्लैग ऑफ कर नियमित संचालन का शुभारंभ किया। सप्ताह में दो दिन संचालित होने वाली यह नई रेल सेवा कुमाऊं और गढ़वाल मंडलों के बीच संपर्क को नई मजबूती देगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यह ट्रेन केवल एक नई रेल सेवा नहीं, बल्कि प्रदेश के दो प्रमुख मंडलों के बीच विकास, संपर्क और अवसरों की नई जीवनरेखा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का प्रदेशवासियों की ओर से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में उत्तराखंड में रेलवे अवसंरचना का अभूतपूर्व विस्तार हो रहा है।
उन्होंने बताया कि रामनगर से देहरादून तक चलने वाली यह एक्सप्रेस काशीपुर, रोशनपुर, पिपलसाना, मुरादाबाद, नजीबाबाद और हरिद्वार होते हुए चलेगी। इससे कुमाऊं और गढ़वाल के साथ-साथ पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बड़े हिस्से को भी उत्तराखंड से सीधी रेल सुविधा मिलेगी। इस सेवा का लाभ यात्रियों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों, व्यापारियों और पर्यटकों को मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय रेलवे आज आधुनिक तकनीक, बेहतर सुरक्षा और यात्री सुविधाओं के नए दौर में प्रवेश कर चुकी है। वंदे भारत और नमो भारत जैसी अत्याधुनिक ‘मेड इन इंडिया’ ट्रेनें देश की तकनीकी क्षमता का प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि रेलवे हरित और आधुनिक तकनीकों को अपनाने की दिशा में भी तेजी से आगे बढ़ रही है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना अंतिम चरण में है, जो उत्तराखंड के सामाजिक, आर्थिक, धार्मिक और पर्यटन विकास को नई गति देगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य को पहले ही दो वंदे भारत ट्रेनों की सौगात मिल चुकी है तथा वर्ष 2026-27 में रेलवे अवसंरचना विकास के लिए रिकॉर्ड 4,769 करोड़ रुपये का रेल बजट मिला है। वर्तमान में प्रदेश में लगभग 39 हजार करोड़ रुपये की विभिन्न रेल परियोजनाओं पर कार्य प्रगति पर है।
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेल देश के विकास की मजबूत आधारशिला बन रही है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में रेल संपर्क को मजबूत करने के लिए केंद्र सरकार लगातार कार्य कर रही है और नई रेल सेवाएं पर्यटन, व्यापार तथा जनसुविधाओं को नई गति देंगी।
रेल मंत्री ने विश्वास जताया कि रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस क्षेत्रीय संपर्क को मजबूत करने के साथ आम नागरिकों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी। उन्होंने कहा कि यदि यात्रियों की संख्या बढ़ती है तो भविष्य में इस ट्रेन का संचालन प्रतिदिन किया जाएगा। उनके अनुसार यह एक्सप्रेस कुमाऊं और गढ़वाल के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य करेगी।
अश्विनी वैष्णव ने उत्तराखंड में रेलवे विस्तार के लिए मुख्यमंत्री धामी के प्रयासों की सराहना करते हुए बताया कि वर्ष 2023 से अब तक उत्तराखंड को देश के विभिन्न हिस्सों से जोड़ने के लिए 20 नई या विस्तारित नियमित रेल सेवाएं शुरू की गई हैं। साथ ही राज्य के 11 रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण भी किया जा रहा है।
कार्यक्रम में वर्चुअल माध्यम से हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी, विधायक दीवान सिंह बिष्ट, अरविंद पांडे तथा रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।




