उत्तराखण्ड
कंडार देवता और हरि महाराज की डोली के सानिध्य में ऐतिहासिक माघ मेले का शुभारंभ।

संवादसूत्र देहरादून/उत्तरकाशी: मकर संक्रांति के पावन अवसर पर उत्तरकाशी के ऐतिहासिक एवं पौराणिक माघ मेला (बाड़ाहाट कू थौलू) का विधिवत शुभारंभ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कंडार देवता तथा हरि महाराज की डोली के सानिध्य में किया। सप्ताहभर चलने वाला यह मेला जनपद की विशिष्ट धार्मिक, सांस्कृतिक और लोक परंपराओं का जीवंत प्रतीक है।
माघ मेले में भाग लेने के लिए जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में ग्रामीण लोक देवताओं की डोलियों और श्रद्धालुओं ने भागीरथी नदी में पवित्र स्नान कर बाड़ाहाट क्षेत्र स्थित चमाला की चौंरी में डोली नृत्य एवं रासो–तांदी नृत्य प्रस्तुत कर मेले की पारंपरिक छटा बिखेरी। अपराह्न में रामलीला मैदान में कंडार देवता एवं हरि महाराज की आगवानी के साथ मुख्यमंत्री द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर मेले का औपचारिक शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को मकर संक्रांति एवं माघ मेले की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह मेला लोक आस्था का महाकुंभ है और उत्तरकाशी की आध्यात्मिक पहचान को सुदृढ़ करता है। उन्होंने कहा कि देवभूमि की संस्कृति, परंपरा और मर्यादा के साथ किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ की अनुमति नहीं दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं अब कागजों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण और विकास दोनों साथ-साथ हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि उत्तरकाशी जनपद में 1000 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से सड़क निर्माण एवं सुधारीकरण के कार्य चल रहे हैं। साथ ही 23 करोड़ रुपये की लागत से 50 बेड का क्रिटिकल केयर यूनिट तथा 46 करोड़ रुपये की लागत से पुरोला में उपजिला अस्पताल का निर्माण किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सिल्क्यारा टनल का ब्रेकथ्रू हो चुका है, जिससे यमुनोत्री और गंगोत्री के बीच की दूरी लगभग 25 किमी कम होगी और क्षेत्रवासियों व पर्यटकों को बड़ी सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि 13 डिस्ट्रिक्ट–13 डेस्टिनेशन और वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम से पर्यटन को नया आयाम मिला है। उत्तरकाशी जनपद में 12 हजार से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं, जो आत्मनिर्भर उत्तराखंड की मिसाल हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में अब तक 27 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शिता के साथ सरकारी नौकरियां दी गई हैं तथा युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है और भ्रष्टाचार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
मुख्यमंत्री ने अपने जनपद भ्रमण के दौरान शक्ति मंदिर एवं बाबा काशी विश्वनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की तथा महान संतों के आशीर्वचनों पर आधारित शिलापट्टों का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि संतों के दिव्य वचन समाज और युवा पीढ़ी को सही दिशा देने का कार्य करते हैं।
इस अवसर पर गंगोत्री विधायक श्री सुरेश चौहान, पुरोला विधायक श्री दुर्गेश्वर लाल, जिलाधिकारी श्री प्रशांत आर्य, पुलिस अधीक्षक श्री कमलेश उपाध्याय सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
जिला सूचना अधिकारी
उत्तरकाशी




