उत्तराखण्ड
उत्तराखण्ड में बीएलए नियुक्ति में तेजी, 20 हजार से अधिक बूथ लेवल एजेंट तैनात।

संवादसूत्र देहरादून: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत उत्तराखण्ड में राजनीतिक दलों द्वारा बूथ लेवल एजेंट (BLA) की नियुक्ति में तेजी आई है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम के विशेष प्रयासों के बाद राज्य में अब तक 20,863 बीएलए नियुक्त किए जा चुके हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने इस प्रगति पर राजनीतिक दलों का आभार व्यक्त करते हुए शत-प्रतिशत बीएलए नियुक्त करने की अपील की है। वर्तमान स्थिति के अनुसार भारतीय जनता पार्टी ने लगभग 89 प्रतिशत और इंडियन नेशनल कांग्रेस ने 84 प्रतिशत बीएलए की नियुक्ति कर ली है।
राज्य के 13 में से 5 जनपद ऐसे हैं, जहां दोनों प्रमुख दलों द्वारा 100 प्रतिशत बीएलए नियुक्त किए जा चुके हैं, जो निर्वाचन तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।
विभिन्न दलों द्वारा की गई नियुक्तियों के अनुसार भाजपा ने 10,551, कांग्रेस ने 9,869, कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (मार्क्सवादी) ने 326 और बहुजन समाज पार्टी ने 117 बीएलए नियुक्त किए हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान में मतदाता सूची के शुद्धिकरण में बीएलए की भूमिका बेहद अहम होगी। उन्होंने कहा कि आयोग के निर्देश पर राजनीतिक दलों के साथ बैठक कर बीएलए की शत-प्रतिशत नियुक्ति का अनुरोध किया गया था, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं।




