उत्तराखण्ड
देहरादून में तेज़ी से बढ़ रहे इंफ्रास्ट्रक्चर कार्य।


संवादसूत्र देहरादून: देहरादून शहर को सुनियोजित, आधुनिक और सुव्यवस्थित स्वरूप देने के उद्देश्य से मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) की प्रमुख परियोजनाओं को तेज़ी से आगे बढ़ाया जा रहा है। शहरी आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करने तथा यातायात, पार्किंग और व्यापारिक गतिविधियों से जुड़ी समस्याओं के स्थायी समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।
इसी क्रम में आवास सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने एमडीडीए की तीन महत्वपूर्ण परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा की और अधिकारियों को गुणवत्ता एवं समयसीमा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इंदिरा मार्केट पुनर्विकास परियोजना
इंदिरा मार्केट एवं टैक्सी स्टैंड क्षेत्र के प्रभावित दुकानदारों को आधुनिक एवं सुव्यवस्थित परिसर में स्थानांतरित करने हेतु यह परियोजना संचालित की जा रही है।
C एवं D ब्लॉक में दो तल का बेसमेंट निर्माण पूर्ण
शीर्ष तल का निर्माण कार्य प्रगति पर
तीन तल के बेसमेंट में 1050 कार पार्किंग की व्यवस्था
बेसमेंट पूर्ण होने के बाद दुकानों का निर्माण कार्य
दिसंबर माह तक परियोजना पूर्ण करने का लक्ष्य
निरीक्षण के दौरान निर्माण गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों एवं समयबद्धता पर विशेष बल दिया गया।
आढ़त बाजार परियोजना
तहसील चौक से सहसपुर चौक के मध्य वर्तमान 16–18 मीटर चौड़ी सड़क को 24 मीटर चौड़ी सुव्यवस्थित सड़क के रूप में विकसित किया जाना प्रस्तावित है।
हरिद्वार बाइपास पर लगभग 7.7 हेक्टेयर भूमि पर नवीन आढ़त बाजार विकसित किया जा रहा है।
विभिन्न श्रेणियों की मंडियों के लिए सुव्यवस्थित लेआउट
650 वाहनों की क्षमता वाली मल्टी लेवल कार पार्किंग
वेयरहाउस, कार्यालय, ओवरहेड वाटर टैंक, एसटीपी
पार्क एवं अन्य आधुनिक सुविधाएं।
विद्युत एवं पेयजल की समुचित व्यवस्था
सचिव ने निर्देश दिए कि गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न हो और कार्य निर्धारित समयसीमा में पूर्ण किया जाए।
मल्टी लेवल कार पार्किंग, तहसील परिसर
पलटन बाजार एवं तहसील चौक क्षेत्र में पार्किंग की समस्या के समाधान हेतु नवीन तहसील कार्यालय के साथ मल्टी लेवल कार पार्किंग प्रस्तावित है।
लगभग 1000 वाहनों की पार्किंग सुविधा का प्रस्ताव
दरबार साहिब के साथ वार्ता प्रक्रिया प्रचलित
वार्ता शीघ्र पूर्ण कर परियोजना को धरातल पर उतारने के निर्देश।
अधिकारियों को सख्त निर्देश
निरीक्षण के दौरान प्राधिकरण सचिव मोहन सिंह बर्निया, अधिशासी अभियंता सुनील कुमार, अपर अभियंता नवीन चंद्र जुनेजा, नज़ीर अहमद, वास्तुविद प्रशांत नौटियाल एवं परियोजना निदेशक निर्माण इकाई सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। सभी को परियोजनाओं में गति लाने और मानकों के अनुरूप समयबद्ध पूर्णता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
आवास सचिव का बयान
आवास सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में देहरादून के समग्र और संतुलित विकास के लिए ठोस प्रयास किए जा रहे हैं। इंदिरा मार्केट, आढ़त बाजार और मल्टी लेवल कार पार्किंग जैसी परियोजनाएं शहर की यातायात व्यवस्था, व्यापारिक गतिविधियों और आमजन की सुविधाओं को नई मजबूती प्रदान करेंगी।
उन्होंने पारदर्शिता, तकनीकी मजबूती और दीर्घकालिक उपयोगिता सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की तकनीकी या प्रशासनिक बाधा को तत्काल दूर किया जाए, ताकि नागरिकों को समय पर सुविधाएं मिल सकें।




