उत्तराखण्ड
जमरानी व सौंग बांध परियोजनाएं तय समय पर हों पूरी, गुणवत्ता से नहीं होगा समझौता : मुख्य सचिव।

संवादसूत्र देहरादून: मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने बुधवार को सचिवालय में सिंचाई विभाग द्वारा निर्माणाधीन जमरानी एवं सौंग बांध परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने दोनों महत्वपूर्ण परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने के स्पष्ट निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने कहा कि परियोजनाओं से संबंधित सभी निविदा प्रक्रियाएं एवं अन्य आवश्यक औपचारिकताएं समय पर पूरी की जाएं। उन्होंने प्रत्येक चरण का स्पष्ट फ्लो-चार्ट तैयार कर कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निर्माण कार्यों में तेजी लाने के लिए आवश्यक सामग्री की समय पर उपलब्धता पर विशेष जोर दिया गया।
उन्होंने कहा कि गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता न किया जाए, इसके लिए फर्स्ट पार्टी, सेकंड पार्टी एवं थर्ड पार्टी के माध्यम से नियमित गुणवत्ता नियंत्रण एवं मूल्यांकन कराया जाए।
मुख्य सचिव ने परियोजनाओं से प्रभावित लोगों के पुनर्वास कार्यों को संवेदनशीलता एवं समयबद्धता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुआवजा, पुनर्वास एवं आबंटन की प्रक्रिया आपसी विश्वास और सतत संवाद के माध्यम से पूरी की जाए।
समीक्षा बैठक में सचिव सिंचाई श्री युगल किशोर पंत ने बताया कि जमरानी बांध बहुउद्देशीय परियोजना की कुल लागत ₹ 3678.23 करोड़ है, जिसे जून 2029 तक पूर्ण किया जाएगा। वहीं सौंग बांध परियोजना 130.60 मीटर ऊंची, 150 एमएलडी क्षमता की गुरुत्व आधारित पेयजल परियोजना है, जिसकी लागत ₹ 2524.42 करोड़ है और इसका निर्माण कार्य नवंबर 2029 तक पूरा कर लिया जाएगा।
बैठक में विभागाध्यक्ष सिंचाई श्री सुभाष चंद्र सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।




