उत्तराखण्ड
उत्तराखंड में सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से जारी कांवड़ यात्रा, 2.19 करोड़ से अधिक शिवभक्त सकुशल लौटे।

संवादसूत्र देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में कांवड़ यात्रा 2026 श्रद्धा, सुरक्षा और सुगमता के उत्कृष्ट समन्वय के साथ सफलतापूर्वक संचालित हो रही है। राज्य सरकार की प्रभावी व्यवस्थाओं के चलते अब तक 2 करोड़ 19 लाख 70 हजार से अधिक शिवभक्त हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर सकुशल अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान कर चुके हैं। गुरुवार 6 अगस्त को सायं छह बजे तक एक ही दिन में 39 लाख 15 हजार कांवड़ यात्री गंगाजल लेकर रवाना हुए।
राज्य सरकार ने कांवड़ यात्रियों के लिए यातायात प्रबंधन, सुरक्षा, चिकित्सा सहायता, पेयजल, स्वच्छता और अन्य आवश्यक सुविधाओं के व्यापक प्रबंध किए हैं। इन व्यवस्थाओं के कारण लाखों श्रद्धालु शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में अपनी यात्रा पूरी कर रहे हैं। विभिन्न राज्यों से पहुंचे शिवभक्त भी उत्तराखंड सरकार की व्यवस्थाओं की सराहना कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि कांवड़ यात्रा आस्था, अनुशासन और सेवा का महापर्व है। उन्होंने सभी कांवड़ यात्रियों, शिवभक्तों, स्थानीय नागरिकों, स्वयंसेवी संगठनों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों से यात्रा को सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में सहयोग करने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि सभी के सहयोग, समन्वय और अनुशासन से कांवड़ यात्रा 2026 का सफल एवं सुरक्षित संचालन सुनिश्चित होगा तथा उत्तराखंड उत्कृष्ट व्यवस्थाओं और अतिथि सत्कार की अपनी गौरवशाली परंपरा को एक बार फिर सशक्त रूप से स्थापित करेगा।




