Connect with us

केदारघाटी और जोशीमठ को मिलेगा आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर, पर्यटन सुविधाओं के विस्तार पर सरकार का जोर।

उत्तराखण्ड

केदारघाटी और जोशीमठ को मिलेगा आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर, पर्यटन सुविधाओं के विस्तार पर सरकार का जोर।

संवादसूत्र देहरादून: उत्तराखंड में पर्यटन और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने की दिशा में सरकार तेजी से कार्य कर रही है। इसी क्रम में सचिव आवास एवं राज्य संपत्ति डॉ. आर राजेश कुमार की अध्यक्षता में सचिवालय में दो महत्वपूर्ण परियोजनाओं की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में रुद्रप्रयाग जिले के रतूड़ा गांव में प्रस्तावित राज्य अतिथि गृह और चमोली जिले के जोशीमठ के रविग्राम क्षेत्र में प्रस्तावित मल्टीलेवल पार्किंग परियोजना पर विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों को दोनों परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने और आवश्यक संशोधनों के साथ प्रस्ताव शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।


रतूड़ा में बनेगा आधुनिक पहाड़ी शैली का राज्य अतिथि गृह


रुद्रप्रयाग के रतूड़ा गांव में करीब 34.29 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक राज्य अतिथि गृह बनाया जाएगा। परियोजना को मुख्यमंत्री घोषणा से जुड़ा महत्वपूर्ण कार्य बताया गया है।


सचिव आवास विभाग ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि भवन का डिजाइन पारंपरिक पहाड़ी वास्तुकला के अनुरूप तैयार किया जाए, ताकि स्थानीय संस्कृति और आधुनिक सुविधाओं का संतुलित समावेश हो सके। प्रस्तावित अतिथि गृह में 20 आधुनिक कक्ष, दो वीवीआईपी सुइट और अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।


केदारनाथ यात्रा क्षेत्र को मिलेगा बड़ा लाभ


रतूड़ा में राज्य अतिथि गृह बनने से केदारनाथ यात्रा मार्ग पर आने वाले विशिष्ट अतिथियों, अधिकारियों और पर्यटकों को बेहतर आवासीय सुविधाएं मिलेंगी। साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की संभावना जताई गई है।


जोशीमठ में पार्किंग संकट से मिलेगी राहत


दूसरी बैठक में जोशीमठ के रविग्राम क्षेत्र में प्रस्तावित मल्टीलेवल पार्किंग परियोजना की समीक्षा की गई। औली और जोशीमठ क्षेत्र में बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए लगभग 5.69 करोड़ रुपये की लागत से यह पार्किंग बनाई जाएगी।


परियोजना के तहत लोअर ग्राउंड स्तर पर 51 और ग्राउंड फ्लोर पर 46 वाहनों की पार्किंग सुविधा विकसित की जाएगी। इस प्रकार कुल 97 वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था होगी। पार्किंग परिसर तक पहुंचने के लिए सात मीटर चौड़ा मार्ग प्रस्तावित किया गया है।


सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर विशेष फोकस


सचिव आवास विभाग ने पार्किंग स्थल तक पहुंचने वाले मार्ग को और अधिक सुविधाजनक बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़क की चौड़ाई बढ़ाने तथा प्रवेश और निकास मार्गों को अलग-अलग करने के लिए बैरिकेडिंग व्यवस्था विकसित करने को कहा, ताकि यातायात संचालन अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित हो सके।


डॉ. राजेश कुमार ने कहा कि राज्य सरकार गुणवत्तापूर्ण, सुरक्षित और टिकाऊ आधारभूत ढांचा विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से पर्यटन, रोजगार और क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलेगी।


Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Ad Ad

Trending News

Follow Facebook Page

About Us

उत्तराखण्ड की ताज़ा खबरों से अवगत होने हेतु संवाद सूत्र से जुड़ें तथा अपने काव्य व लेखन आदि हमें भेजने के लिए दिये गए ईमेल पर संपर्क करें!

Email: [email protected]

AUTHOR DETAILS –

Name: Deepshikha Gusain
Address: 4 Canal Road, Kaulagarh, Dehradun, Uttarakhand, India, 248001
Phone: +91 94103 17522
Email: [email protected]