उत्तराखण्ड
फूलों की घाटी रेंज की जंगल आग पर नजर, राहत कार्य में जुटा वायुसेना का हेलिकॉप्टर।

संवादसूत्र देहरादून/चमोली: फूलों की घाटी रेंज के वन क्षेत्रों में लगी आग को बुझाने के प्रयासों के तहत भारतीय वायु सेना का एक हेलिकॉप्टर सहायता कार्य में तैनात किया गया है। यह हेलिकॉप्टर ज्योतिर्मठ में तैनात है और बीते दो-तीन दिनों से भारतीय सेना के साथ समन्वय में कार्य कर रहा है।
प्रशासन और सेना की संयुक्त टीम द्वारा आग से प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण किया जा चुका है। हालांकि, अब तक आग पर नियंत्रण के लिए हेलिकॉप्टर के माध्यम से बांबी बकेट द्वारा पानी नहीं डाला गया है। स्थिति की गंभीरता और भौगोलिक परिस्थितियों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जा रही है।
वन क्षेत्राधिकारी चेतना कंडपाल ने इस संबंध में विंग कमांडर दीपक रहेजा से बातचीत कर आग की वर्तमान स्थिति और संभावित हवाई कार्रवाई पर चर्चा की। वहीं नंदा देवी बायोस्फीयर रिजर्व के निदेशक आकाश वर्मा ने भी दूरभाष पर विंग कमांडर से संपर्क किया।
इस दौरान निदेशक ने केंद्रीय कमान से आग्रह किया कि बांबी बकेट से संबंधित पुराने और भ्रामक फोटो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) से हटाए जाएं, ताकि किसी भी प्रकार की गलत सूचना या भ्रम की स्थिति न बने।
प्रशासन का कहना है कि वनाग्नि पर नियंत्रण के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।




