उत्तराखण्ड
एकल महिलाओं को आत्मनिर्भरता का संबल, मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना का शुभारंभ।

संवादसूत्र देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मुख्य सेवक सदन, मुख्यमंत्री आवास में महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत संचालित मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रथम चरण में छह जनपदों की 484 एकल महिलाओं को ₹3 करोड़ 45 लाख 34,500 की धनराशि डीबीटी के माध्यम से उनके खातों में भेजी तथा विभागीय कैलेंडर का विमोचन भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाकर उन्हें सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता प्रदान करेगी। उन्होंने बताया कि शेष सात जनपदों की 540 महिलाओं को भी माह के अंत तक लगभग ₹4 करोड़ की धनराशि डीबीटी के माध्यम से दी जाएगी। योजना में विधवा, परित्यक्ता, तलाकशुदा, एसिड अटैक पीड़िता, आपराधिक घटनाओं की पीड़िता एवं ट्रांसजेंडर्स को शामिल किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के नेतृत्व, उद्यमिता और रोजगार को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। वहीं कैबिनेट मंत्री श्रीमती रेखा आर्य ने इसे एकल महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने वाली योजना बताया।




