उत्तराखण्ड
सिटी फॉरेस्ट पार्क में योग का महाकुंभ, मुख्य सचिव आनंद बर्धन संग 1000 से अधिक लोगों ने किया सामूहिक योगाभ्यास।

संवादसूत्र देहरादून: एमडीडीए के सिटी फॉरेस्ट पार्क में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित भव्य कार्यक्रम में मुख्य सचिव आनंद बर्धन की मौजूदगी में 1000 से अधिक लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास किया। प्रकृति की गोद में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों, विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम में मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर है, जो शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करती है। उन्होंने लोगों से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वस्थ व्यक्ति, स्वस्थ समाज और स्वस्थ राष्ट्र के निर्माण में योग की महत्वपूर्ण भूमिका है।
एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि उत्तराखंड को योग, आयुर्वेद, वेलनेस और प्राकृतिक चिकित्सा के वैश्विक केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए राज्य सरकार निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने योग को नशामुक्त और स्वस्थ समाज निर्माण का प्रभावी माध्यम बताया।
योग दिवस कार्यक्रम के बाद मुख्य सचिव ने सिटी फॉरेस्ट पार्क का निरीक्षण कर विभिन्न सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने नागरिकों की राय जानने के लिए क्यूआर कोड आधारित ऑनलाइन फीडबैक सिस्टम विकसित करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने बताया कि पार्क में जनसुविधाओं और डिजिटल सेवाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में कार्य किया जाएगा।
एमडीडीए के सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि भविष्य में भी पार्क में स्वास्थ्य, पर्यावरण और जनजागरूकता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोग स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित हो सकें।




