उत्तराखण्ड
हरिद्वार में फर्जी हॉलमार्किंग पर BIS की बड़ी कार्रवाई, दो ज्वेलरी प्रतिष्ठानों पर छापेमारी।

संवादसूत्र देहरादून/हरिद्वार :
भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) की देहरादून शाखा ने फर्जी हॉलमार्किंग की शिकायत पर हरिद्वार के ज्वालापुर क्षेत्र में स्थित दो आभूषण प्रतिष्ठानों—जहांगीर और बादशाह—पर तलाशी एवं जांच अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान हॉलमार्किंग से जुड़े उपकरणों, अभिलेखों और अन्य साक्ष्यों की गहन जांच की गई, जबकि एक कटिंग मशीन को तकनीकी परीक्षण के लिए निगरानी में रखा गया है। मामले की जांच बीआईएस अधिनियम, 2016 के तहत जारी है और जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
बीआईएस देहरादून के संयुक्त निदेशक सचिन चौधरी ने कहा कि संस्था हॉलमार्किंग प्रणाली की विश्वसनीयता और उपभोक्ताओं के हितों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने ज्वैलर्स से केवल बीआईएस मान्यता प्राप्त हॉलमार्किंग केंद्रों का उपयोग करने की अपील की।
उन्होंने बताया कि 1 जून 2026 से BIS Care App में नई सुविधा जोड़ी गई है, जिसके तहत उपभोक्ता 6 अंकों वाले HUID का सत्यापन कर आभूषण का फोटो और वजन भी देख सकते हैं। बीआईएस ने उपभोक्ताओं से खरीदारी से पहले HUID का सत्यापन कर फोटो और वजन का मिलान करने तथा किसी भी गड़बड़ी की सूचना तुरंत बीआईएस को देने की अपील की है।




