उत्तराखण्ड
पीएम किसान सम्मान निधि की 23वीं किस्त से उत्तराखंड के 8 लाख से अधिक किसानों को मिला लाभ।

संवादसूत्र देहरादून। प्रधानमंत्री किसान उत्सव दिवस के अवसर पर हिमालय सांस्कृतिक केंद्र, गढ़ी कैंट में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त जारी होने पर प्रदेश के किसानों को बधाई दी। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पश्चिम बंगाल से देशभर के किसानों के लिए डीबीटी के माध्यम से जारी की गई किसान सम्मान निधि की राशि का वर्चुअल प्रसारण भी देखा गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत उत्तराखंड के 8 लाख से अधिक किसानों के खातों में 159 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता राशि पहुंची है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2019 में योजना शुरू होने के समय प्रदेश में लगभग 4 लाख किसान लाभान्वित हो रहे थे, जबकि अब यह संख्या बढ़कर 8 लाख से अधिक हो गई है।
उन्होंने कहा कि किसान देश की खाद्य सुरक्षा और समृद्धि के आधार स्तंभ हैं। केंद्र और राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने तथा खेती को अधिक लाभकारी बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि किसानों के हित में नहरों से सिंचाई पूरी तरह निशुल्क करने का निर्णय लिया गया है तथा किसानों की आय वृद्धि के लिए बजट में 200 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में 115 करोड़ रुपये के निवेश से 350 से अधिक आधुनिक पॉलीहाउस तैयार किए गए हैं। साथ ही 1000 करोड़ रुपये की लागत से “उत्तराखंड क्लाइमेट रिस्पॉन्सिव रेन-फेड फार्मिंग प्रोजेक्ट” को मंजूरी दी गई है, जिससे वर्षा आधारित खेती करने वाले किसानों को लाभ मिलेगा।
उन्होंने बताया कि नई सेब नीति, कीवी नीति, ड्रैगन फ्रूट नीति और स्टेट मिलेट मिशन के माध्यम से किसानों को 80 प्रतिशत तक सब्सिडी उपलब्ध कराई जा रही है। किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के लिए कोल्ड चेन, कोल्ड स्टोरेज, सीए स्टोरेज और मेगा फूड पार्क जैसी सुविधाओं का विस्तार भी किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि “महक क्रांति” नीति के तहत राज्य में सात एरोमा वैली विकसित की जा रही हैं तथा 23 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में सुगंधित पौधों की खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है। वहीं “हाउस ऑफ हिमालयाज” ब्रांड के माध्यम से उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने का कार्य किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि स्पष्ट नीति और ईमानदार नीयत के कारण उत्तराखंड ने किसानों की आय वृद्धि के क्षेत्र में देश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने किसानों से आधुनिक तकनीकों, वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों और सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाकर विकसित उत्तराखंड के निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान किया।




