उत्तराखण्ड
पासपोर्ट सत्यापन में उत्कृष्ट प्रदर्शन पर उत्तराखंड पुलिस को राष्ट्रीय सम्मान।

संवादसूत्र देहरादून। पासपोर्ट आवेदनों के सत्यापन में उत्कृष्ट एवं प्रभावी कार्य निष्पादन के लिए उत्तराखंड पुलिस को भारत सरकार के प्रतिष्ठित “इंस्टीट्यूशनल परफॉर्मेंस अवार्ड फॉर स्टेट पुलिस” से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान देशभर में पासपोर्ट आवेदनों के पुलिस सत्यापन संबंधी प्रदर्शन के आधार पर प्रदान किया गया।
नई दिल्ली स्थित जवाहरलाल नेहरू भवन में आयोजित समारोह में विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने उत्तराखंड पुलिस की ओर से ए. पी. अंशुमान (अपर पुलिस महानिदेशक, प्रशासन) को यह सम्मान प्रदान किया।
पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने बताया कि यह उपलब्धि पासपोर्ट सत्यापन प्रक्रिया को समयबद्ध, पारदर्शी और नागरिक-केंद्रित बनाने के लिए उत्तराखंड पुलिस द्वारा किए गए निरंतर प्रयासों का परिणाम है।
इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड पुलिस को बधाई देते हुए कहा कि नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान राज्य में सुशासन और जनसेवा की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सफलता का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि उत्तराखंड पुलिस भविष्य में भी नागरिक सेवाओं के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राज्य का गौरव बढ़ाती रहेगी।




