उत्तराखण्ड
एचपीवी पर राष्ट्रव्यापी वार: नरेंद्र मोदी की पहल, हल्द्वानी से जुड़े सीएम।

संवादसूत्र देहरादून/हल्द्वानी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अजमेर से 14 वर्ष की बालिकाओं के लिए सर्वाइकल कैंसर के विरुद्ध देशव्यापी ह्यूमन पैपिलोमावायरस (एचपीवी) टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सुशीला तिवारी राजकीय मेडिकल कॉलेज, हल्द्वानी से वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में सहभागिता की।
मुख्यमंत्री ने मेडिकल कॉलेज में स्थापित एचपीवी टीकाकरण कक्ष का निरीक्षण किया तथा 9 से 14 वर्ष की बालिकाओं से संवाद कर उन्हें टीकाकरण के लाभों की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अभियान केवल स्वास्थ्य कार्यक्रम नहीं, बल्कि मातृशक्ति के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कहा कि सर्वाइकल कैंसर महिलाओं के स्वास्थ्य के लिए गंभीर चुनौती बन चुका है। वर्ष 2024 में देश में 78 हजार से अधिक मामले सामने आए और 42 हजार से अधिक महिलाओं की मृत्यु हुई। ऐसे में राष्ट्रीय स्तर पर एचपीवी टीकाकरण अभियान की शुरुआत आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित भविष्य देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत देशभर में लगभग 1 करोड़ 15 लाख किशोरियों को निःशुल्क एचपीवी वैक्सीन दी जाएगी। उत्तराखंड में प्रथम चरण में 155 केंद्रों पर टीकाकरण की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। डॉक्टरों, नर्सों, एएनएम, आशा एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित कर कोल्ड-चेन व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा स्वास्थ्य क्षेत्र में व्यापक परिवर्तन किए गए हैं। पहले जहाँ देश में 387 मेडिकल कॉलेज थे, आज उनकी संख्या बढ़कर 819 हो गई है। पिछले 11 वर्षों में 23 नए एम्स स्थापित कर देश के चिकित्सा ढांचे को मजबूत किया गया है।
उन्होंने बताया कि विश्व की सबसे बड़ी स्वास्थ्य सुरक्षा योजना आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत प्रति परिवार 5 लाख रुपये तक का निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। उत्तराखंड में अब तक लगभग 61 लाख आयुष्मान कार्ड वितरित किए जा चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून, हल्द्वानी और श्रीनगर मेडिकल कॉलेजों में सुपर स्पेशियलिटी सेवाएँ स्थापित की गई हैं। हल्द्वानी में राज्य के प्रथम आधुनिक कैंसर संस्थान का निर्माण कार्य प्रगति पर है। राज्य में हेली एंबुलेंस सेवा भी संचालित की जा रही है, जो सुदूरवर्ती क्षेत्रों के लिए जीवनरक्षक सिद्ध हो रही है।
उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रम में न आएँ और अपनी बेटियों का एचपीवी टीकाकरण अवश्य कराएँ। यह केवल एक टीका नहीं, बल्कि उनके स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य का सुरक्षा कवच है।
इस अवसर पर सांसद अजय भट्ट सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।




