Connect with us

नयार वैली फेस्टिवल का शुभारंभ, पर्यटन और रोजगार को नई उड़ान।

उत्तराखण्ड

नयार वैली फेस्टिवल का शुभारंभ, पर्यटन और रोजगार को नई उड़ान।


संवादसूत्र देहरादून/पौड़ी गढ़वाल: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद पौड़ी गढ़वाल के बिलखेत में आयोजित नयार वैली फेस्टिवल का विधिवत उद्घाटन किया। इस महोत्सव के साथ ही नयार घाटी की पर्यटन, संस्कृति और साहसिक गतिविधियों की अपार संभावनाओं को नई पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल शुरू हुई।
मुख्यमंत्री ने नयार घाटी में पैराग्लाइडिंग प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने की घोषणा की। इसके साथ ही विकासखंड पोखड़ा में रसलवांण दीवा मंदिर, बीरोंखाल में कालिंका मंदिर, एकेश्वर में एकेश्वर महादेव मंदिर तथा पाबौ में चम्पेश्वर महादेव मंदिर से जुड़े विकास कार्यों को आगे बढ़ाने की भी घोषणा की।
कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण करते हुए मुख्यमंत्री ने योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग की लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट प्रदान की, गोदभराई की रस्म संपन्न कराई तथा समाज कल्याण विभाग के लाभार्थियों को दिव्यांग उपकरण वितरित किए।
मुख्यमंत्री ने महिला समूहों, स्थानीय नागरिकों, साइक्लिस्टों और एंगलरों से संवाद कर उनके उत्साह की सराहना की। इस दौरान पैराग्लाइडिंग, पैरामोटरिंग, हॉट एयर बैलून, माउंटेन बाइकिंग, कयाकिंग, एंगलिंग, जिपलाइन, बर्मा ब्रिज और रिवर्स बंजी सहित विभिन्न एडवेंचर गतिविधियों का फ्लैग ऑफ कर औपचारिक शुभारंभ किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नयार घाटी प्राकृतिक सौंदर्य और साहसिक पर्यटन की दृष्टि से अत्यंत समृद्ध है। ऐसे आयोजनों से स्थानीय युवाओं को स्वरोजगार के अवसर मिलेंगे और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। उन्होंने सभी को होली की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकार का लक्ष्य योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि श्रीनगर में 650 करोड़ रुपये की लागत से नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी का निर्माण कार्य प्रगति पर है। खोह नदी को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए 135 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित किया जा रहा है। कोटद्वार में सॉलिड वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट, मालन नदी पर पुल निर्माण, पौड़ी के ऐतिहासिक कलेक्ट्रेट भवन का हेरिटेज संरक्षण, सतपुली में सिंचाई निरीक्षण भवन, एनसीसी अकादमी, माउंटेन म्यूजियम और तारामंडल जैसी परियोजनाओं पर भी कार्य जारी है।
उन्होंने “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रशासन की टीमें न्याय पंचायत स्तर तक पहुंचकर लोगों की समस्याओं का समाधान कर रही हैं और योजनाओं का लाभ सीधे उनके द्वार तक पहुंचा रही हैं।
पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को देश-विदेश में प्रमुख एडवेंचर टूरिज्म डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है और नयार वैली फेस्टिवल इस दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
विधायक राजकुमार पोरी ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि यह महोत्सव पौड़ी को पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान दिलाएगा।
बिलखेत में जिला प्रशासन द्वारा एक ही मंच पर 10 पृथक गतिविधियों का सफल संचालन किया गया, जो समन्वित कार्यप्रणाली और उत्कृष्ट व्यवस्थापन का उदाहरण बना। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Ad Ad

More in उत्तराखण्ड

Ad Ad

Trending News

Follow Facebook Page

About Us

उत्तराखण्ड की ताज़ा खबरों से अवगत होने हेतु संवाद सूत्र से जुड़ें तथा अपने काव्य व लेखन आदि हमें भेजने के लिए दिये गए ईमेल पर संपर्क करें!

Email: [email protected]

AUTHOR DETAILS –

Name: Deepshikha Gusain
Address: 4 Canal Road, Kaulagarh, Dehradun, Uttarakhand, India, 248001
Phone: +91 94103 17522
Email: [email protected]