उत्तराखण्ड
24 जुलाई को चुनाव प्रेक्षकों की भूमिका पर अंतरराष्ट्रीय मंथन,कई देशों के विशेषज्ञ होंगे शामिल।

संवादसूत्र देहरादून: मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय, उत्तराखण्ड की ओर से 24 जुलाई को देहरादून में “मॉडल स्टैंडर्ड्स फॉर इलेक्टोरल ऑब्जर्वर” विषय पर एक दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन का उद्देश्य चुनाव प्रेक्षक प्रणाली की कार्यप्रणाली की समीक्षा कर उसे अधिक प्रभावी और व्यावहारिक बनाने के साथ ही इस विषय पर अकादमिक एवं नीतिगत विमर्श को बढ़ावा देना है।
सम्मेलन में मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसके अलावा भारत निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार भारती, स्टेट पुलिस ट्रेनिंग के नोडल आईजी अनंत शंकर ताकवले, अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, देहरादून और हरिद्वार के जिलाधिकारी तथा भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) काशीपुर, ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी, उत्तरांचल यूनिवर्सिटी और दून यूनिवर्सिटी के शिक्षाविद विभिन्न सत्रों में अपने विचार और शोध प्रस्तुत करेंगे।
अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी में आयोजित इस सम्मेलन का उद्देश्य चुनाव प्रेक्षकों के लिए मॉडल मानकों पर चर्चा करना और शिक्षाविदों, नीति-निर्माताओं, विधि विशेषज्ञों, मीडिया तथा आईटी क्षेत्र के विशेषज्ञों को एक मंच पर लाकर अनुभव और विचार साझा करना है।
उन्होंने बताया कि सम्मेलन में अब तक संयुक्त राज्य अमेरिका, रोमानिया, आयरलैंड, इंडोनेशिया, उज्बेकिस्तान, हंगरी और नेपाल की चुनाव प्रबंधन संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने पंजीकरण कराया है। इसके अलावा 20 से अधिक विश्वविद्यालयों के शिक्षाविदों सहित विभिन्न क्षेत्रों के 400 से अधिक प्रतिभागी हाइब्रिड माध्यम से सम्मेलन में भाग लेंगे।




