उत्तराखण्ड
केदारनाथ में रील बनाने पर सख्ती, मंदिर परिसर में लगेंगे 7 फीट ऊंचे बैरिकेड्स।

संवादसूत्र देहरादून/रुद्रप्रयाग: बदरी-केदार मंदिर समिति (बीकेटीसी) ने केदारनाथ मंदिर परिसर की व्यवस्था को बेहतर और अनुशासित बनाने के लिए बड़ा कदम उठाने की तैयारी की है। समिति मंदिर के चारों ओर करीब 7 फीट ऊंचे बैरिकेड्स लगाने की योजना बना रही है, जिससे अनावश्यक रूप से घूमने वाले लोगों और रील बनाने वालों पर नियंत्रण किया जा सके।
समिति ने इस संबंध में प्रस्ताव गढ़वाल आयुक्त को भेज दिया है। प्रस्ताव में मंदिर परिसर की सुरक्षा, श्रद्धालुओं की सुगम आवाजाही और धार्मिक गरिमा बनाए रखने पर जोर दिया गया है। मंजूरी मिलते ही बैरिकेडिंग का कार्य शुरू किया जाएगा। इससे मंदिर परिसर में प्रवेश और निकास को व्यवस्थित किया जा सकेगा और केवल दर्शन के उद्देश्य से आने वाले श्रद्धालुओं को ही निर्धारित मार्ग से प्रवेश मिलेगा।
सख्ती के बावजूद नहीं रुक रहे रील बनाने वाले
मंदिर परिसर में वीडियो और रील बनाने पर पहले ही प्रतिबंध लगाया जा चुका है। प्रशासन और बीकेटीसी की सख्ती के बावजूद कुछ लोग चोरी-छिपे रील बनाने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं, जिससे व्यवस्थाओं को बनाए रखना चुनौतीपूर्ण हो रहा है।
क्षमता से दोगुनी भीड़ बनी चुनौती
विशेषज्ञों के अनुसार, केदारनाथ धाम में प्रतिदिन लगभग 15 हजार श्रद्धालुओं की संख्या व्यवस्थाओं के लिहाज से उचित मानी जाती है, लेकिन वर्तमान में इससे कहीं अधिक भीड़ पहुंच रही है। इसके चलते दर्शन के लिए लंबी कतारें लग रही हैं और आवास व भोजन जैसी मूलभूत सुविधाओं पर भी दबाव बढ़ रहा है।
मुख्य प्रभारी अधिकारी राजन नैथानी के अनुसार, बैरिकेड्स लगने के बाद भीड़ नियंत्रण में काफी मदद मिलेगी और मंदिर परिसर में अनावश्यक गतिविधियों पर रोक लग सकेगी।




