उत्तराखण्ड
राष्ट्रीय युवा दिवस पर मुख्यमंत्री ने महिला व युवक मंगल दलों को किया सम्मानित।


संवादसूत्र देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर परेड ग्राउंड, देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय कार्य करने वाले महिला मंगल दलों एवं युवक मंगल दलों को सम्मानित किया। प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले दलों को क्रमशः एक लाख रुपये, 50 हजार रुपये एवं 25 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।
महिला मंगल दल धापला (नैनीताल) को प्रथम, महिला मंगल दल सेमा (चमोली) को द्वितीय तथा महिला मंगल दल बनाली (टिहरी गढ़वाल) को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया। वहीं युवक मंगल दल मोख मल्ला (चमोली) को प्रथम, युवक मंगल दल सुंदरपुर रैक्वाल (नैनीताल) को द्वितीय तथा युवक मंगल दल चौडीराय (चम्पावत) को तृतीय स्थान प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया।
इसके अतिरिक्त भाषण प्रतियोगिता के विजेताओं एवं एनएसएस अवार्ड प्राप्त युवाओं को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर एनएसएस द्वारा मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए 2 लाख 24 हजार 320 रुपये का चेक मुख्यमंत्री को सौंपा गया।
स्वामी विवेकानंद ने युवाओं में राष्ट्र चेतना का किया था जागरण: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने स्वामी विवेकानंद को नमन करते हुए कहा कि वे ऐसे युगद्रष्टा थे, जिन्होंने परतंत्रता की बेड़ियों में जकड़े राष्ट्र के भीतर सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की चेतना को पुनः जाग्रत किया। शिकागो में दिए गए उनके ऐतिहासिक उद्बोधन ने न केवल पश्चिमी जगत को भारत की आध्यात्मिक शक्ति से परिचित कराया, बल्कि संपूर्ण विश्व को सनातन संस्कृति के मूल्यों का संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद का युवा शक्ति पर अटूट विश्वास था और वे युवाओं को राष्ट्र के पुनर्जागरण का सबसे सशक्त माध्यम मानते थे।
युवा शक्ति राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजी
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोई भी राष्ट्र तब तक पूर्ण रूप से विकसित नहीं हो सकता, जब तक उसकी युवा शक्ति संगठित, आत्मनिर्भर और राष्ट्रभाव से ओतप्रोत न हो। युवा शक्ति अपने परिश्रम, प्रतिभा और संकल्प से सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में निर्णायक भूमिका निभा सकती है।
सरकार युवाओं को फ्यूचर रेडी बनाने के लिए प्रतिबद्ध
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। स्टार्टअप इंडिया, स्किल इंडिया, डिजिटल इंडिया, मेक इन इंडिया, फिट इंडिया और नई शिक्षा नीति जैसी योजनाओं के माध्यम से युवाओं को नए अवसर मिल रहे हैं।
राज्य सरकार भी नई स्टार्टअप नीति, मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, मुख्यमंत्री युवा प्रोत्साहन योजना, मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना और दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य विकास योजना के माध्यम से युवाओं को प्रशिक्षण, तकनीकी सहयोग और आर्थिक सहायता प्रदान कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बदलते रोजगार परिदृश्य को देखते हुए युवाओं को फ्यूचर रेडी बनाना आवश्यक है।
उत्तराखंड में बनेगा स्वामी विवेकानंद कॉरिडोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड सनातन संस्कृति, दर्शन और आध्यात्म की भूमि रही है। स्वामी विवेकानंद ने उत्तराखंड के अनेक क्षेत्रों में तपस्या कर ज्ञान अर्जित किया था। इन स्थलों को चिन्हित कर राज्य में स्वामी विवेकानंद कॉरिडोर विकसित करने का निर्णय लिया गया है।
स्वामी विवेकानंद के विचार सदैव प्रेरणा देते रहेंगे: रेखा आर्या
खेल एवं युवा कल्याण मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि स्वामी विवेकानंद बहुमुखी प्रतिभा के धनी थे और उन्होंने विश्व में भारतीय संस्कृति एवं सनातन मूल्यों की प्रतिष्ठा स्थापित की। उनके विचार और राष्ट्रभाव आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करते रहेंगे।
इस अवसर पर विधायक खजान दास, विशेष प्रमुख सचिव खेल अमित सिन्हा, निदेशक खेल डॉ. आशीष चौहान सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।




