उत्तराखण्ड
गंगोत्री-यमुनोत्री धाम के कपाट खुले, चारधाम यात्रा 2026 का शुभारंभ।
संवादसूत्र देहरादून: अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर रविवार को गंगोत्री धाम और यमुनोत्री धाम के कपाट विधिवत पूजा-अर्चना और वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। इसी के साथ चारधाम यात्रा 2026 का औपचारिक शुभारंभ भी हो गया है।
दोनों धामों में पहली पूजा नरेन्द्र मोदी के नाम से संपन्न की गई। पुष्कर सिंह धामी ने गंगोत्री धाम में कपाटोद्घाटन के अवसर पर विशेष पूजा-अर्चना कर देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि और यात्रा की सफलता की कामना की।
परंपरा के अनुसार, मां गंगा की उत्सव डोली भैरव घाटी स्थित भैरव मंदिर से गंगोत्री धाम पहुंची, जहां विशेष पूजा के बाद दोपहर 12:15 बजे कपाट खोले गए। वहीं, मां यमुना की डोली शीतकालीन प्रवास स्थल खरसाली से शनिदेव की अगुवाई में यमुनोत्री धाम पहुंची और 12:35 बजे मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए।



मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के चारधाम देश-विदेश के श्रद्धालुओं के लिए आस्था के प्रमुख केंद्र हैं और यहां दर्शन की इच्छा हर भक्त के मन में होती है। उन्होंने बताया कि सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुगम यात्रा के लिए राज्य सरकार ने व्यापक प्रबंध किए हैं, जिनमें बेहतर यातायात व्यवस्था, मूलभूत सुविधाएं और सुरक्षा इंतजाम शामिल हैं।
उन्होंने श्रद्धालुओं से “ग्रीन और क्लीन चारधाम यात्रा” में सहयोग करने की अपील करते हुए स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का आग्रह भी किया।
कपाटोद्घाटन समारोह में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और मंदिर समिति के पदाधिकारियों की उपस्थिति रही।




