उत्तराखण्ड
20 अगस्त को चमोली में क्षेत्रीय मीडिया कार्यशाला ‘वार्तालाप’ आयोजित करेगा पीआईबी देहरादून।

संवादसूत्र देहरादून/गोपेश्वर, चमोली: सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी), देहरादून द्वारा गुरुवार, 20 अगस्त 2026 को चमोली जिले के गोपेश्वर में ग्रामीण एवं सीमावर्ती क्षेत्रों के प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया कर्मियों के लिए एक दिवसीय क्षेत्रीय मीडिया कार्यशाला ‘वार्तालाप’ आयोजित की जाएगी। कार्यक्रम का आयोजन जिला पंचायत सभागार, गोपेश्वर में होगा।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य स्थानीय मीडिया और सरकार के बीच प्रभावी संवाद स्थापित करना है, ताकि केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, नीतियों और उपलब्धियों की सही, प्रमाणिक एवं तथ्यपरक जानकारी ग्रामीण और दूर-दराज क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों तक पहुंचाई जा सके।
जनकल्याणकारी योजनाओं पर होगा विशेष फोकस
‘वार्तालाप’ में केंद्र सरकार की योजनाओं के माध्यम से महिला, किसान, युवा और गरीब एवं वंचित वर्गों के सशक्तिकरण के साथ स्वास्थ्य सेवाओं और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने से जुड़े विषयों पर विशेष चर्चा होगी।
कार्यशाला में ई-20 ईंधन, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, स्वयं सहायता समूह, प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना, आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, नशा मुक्त भारत अभियान, जीआई टैग और वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट जैसी प्रमुख योजनाओं एवं पहलों की जानकारी दी जाएगी।
विकासात्मक पत्रकारिता पर भी होगा संवाद
पीआईबी देहरादून के सहायक निदेशक श्री संजीव सुंद्रियाल ने बताया कि कार्यशाला का उद्देश्य सरकार के सूचना तंत्र और स्थानीय मीडिया के बीच बेहतर एवं जीवंत संवाद स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि स्थानीय पत्रकारों को केंद्र सरकार की योजनाओं की प्रगति और उनसे आम नागरिकों को मिल रहे लाभ की सटीक जानकारी उपलब्ध कराना इस पहल का प्रमुख उद्देश्य है।
उन्होंने बताया कि उत्तराखंड के विभिन्न जिलों में समय-समय पर इस प्रकार की कार्यशालाएं आयोजित की जाती रहेंगी, ताकि स्थानीय मीडिया कर्मियों को योजनाओं और कार्यक्रमों की तथ्यपरक जानकारी मिल सके तथा वे विकासात्मक पत्रकारिता के माध्यम से इसे व्यापक स्तर तक पहुंचा सकें।
विशेषज्ञों और अधिकारियों से सीधा संवाद
कार्यशाला में विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और अनुभवी पत्रकार प्रतिभाग करेंगे। कार्यक्रम में गरीब एवं वंचित वर्ग, किसान, युवा और महिला सशक्तिकरण को देश के विकास के प्रमुख स्तंभों के रूप में केंद्र में रखते हुए विभिन्न योजनाओं पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
स्थानीय मीडिया कर्मियों को संबंधित विभागों के विषय-विशेषज्ञों और अधिकारियों के साथ सीधे संवाद का अवसर भी मिलेगा। इससे पत्रकार योजनाओं की कार्यप्रणाली, उनके क्रियान्वयन और स्थानीय स्तर पर पड़ने वाले प्रभाव को बेहतर तरीके से समझ सकेंगे।
कार्यशाला का उद्देश्य सरकारी योजनाओं की जानकारी को केवल प्रशासनिक स्तर तक सीमित रखने के बजाय अंतिम छोर तक पहुंचाना और स्थानीय मीडिया को प्रभावी सूचना सेतु के रूप में मजबूत करना है।




