उत्तराखण्ड
11 जनवरी को प्रस्तावित ‘उत्तराखंड बंद’ के मद्देनज़र पुलिस ने की व्यापक सुरक्षा व्यवस्था।

संवादसूत्र देहरादून: 11 जनवरी 2026 को विभिन्न संगठनों द्वारा प्रस्तावित ‘उत्तराखंड बंद’ के दृष्टिगत उत्तराखंड पुलिस द्वारा प्रदेशभर में सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक तैयारियाँ की गई हैं। आम जनमानस की सुरक्षा एवं सुविधा पुलिस प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
बाजारों, प्रमुख चौराहों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है, ताकि आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और जनजीवन सामान्य रूप से संचालित हो सके।
लोकतंत्र में शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन सभी का अधिकार है, किंतु इसकी आड़ में कानून हाथ में लेने या सार्वजनिक व्यवस्था बाधित करने की अनुमति किसी को नहीं दी जाएगी। सभी से अपील है कि वे शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखें और पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।
वाहन चालकों, व्यापारियों एवं आम नागरिकों से अनुरोध है कि वे किसी भी ऐसे कृत्य से बचें जिससे कानून-व्यवस्था प्रभावित हो या जनता को असुविधा हो। शांति एवं सौहार्द बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
साथ ही, सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भड़काऊ, अफवाहजनक या कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाली पोस्ट से बचें। ऐसी गतिविधियों पर पुलिस द्वारा सख्त निगरानी रखी जा रही है।
उत्तराखंड पुलिस सभी नागरिकों से शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील करती है।




