उत्तराखण्ड
हेमकुंड साहिब यात्रा की तैयारी तेज, बर्फ हटाकर पहुंचे जवान और सेवादार।

संवादसूत्र देहरादून/चमोली: हेमकुंड साहिब के कपाट खुलने से पहले तैयारियां तेज हो गई हैं। भारतीय सेना के जवान और गुरुद्वारा के सेवादार बर्फ हटाते हुए हेमकुंड साहिब पहुंच गए हैं। पहुंचते ही उन्होंने सबसे पहले गुरुद्वारे में अरदास कर यात्रा की सफल शुरुआत की कामना की।
अब जवान और सेवादार यहीं रुककर आस्था पथ से बर्फ हटाने का कार्य तेज करेंगे, ताकि श्रद्धालुओं के लिए मार्ग सुगम बनाया जा सके। जानकारी के अनुसार, 23 मई से यात्रा शुरू होनी है, जिसके मद्देनजर तैयारियां युद्धस्तर पर चल रही हैं।
यात्रा मार्ग से बर्फ हटाने के लिए 418 इंडिपेंडेंट फील्ड और नौवीं माउंटेन ब्रिगेड की टीम कुछ दिन पहले ही रवाना हो गई थी। टीम ने रास्ते में सबसे बड़े अवरोध अटलाकोटी हिमखंड को काटकर आगे बढ़ते हुए हेमकुंड साहिब तक पहुंच बनाई।
गुरुद्वारा श्री हेमकुंड साहिब ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेंद्र जीत सिंह बिंद्रा ने बताया कि जवान और सेवादार बेहद कठिन परिस्थितियों में कार्य कर रहे हैं। पिछले दो दिनों से क्षेत्र में लगातार बर्फबारी हो रही थी, लेकिन इसके बावजूद टीम ने हेमकुंड तक पहुंचकर काम शुरू कर दिया है।
उन्होंने कहा कि जल्द ही मार्ग पूरी तरह साफ कर दिया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।




