उत्तराखण्ड
रेस्टोरेंट में पहुंचे पुष्कर सिंह धामी, गैस आपूर्ति का लिया जायजा—विकल्प अपनाने और एकजुटता का संदेश।

संवादसूत्र देहरादून: गढ़ी कैंट क्षेत्र में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक रेस्टोरेंट में पहुंचकर रसोई गैस आपूर्ति की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने रेस्टोरेंट संचालक से गैस सप्लाई को लेकर जानकारी ली। संचालक ने बताया कि आपूर्ति में हल्की कमी जरूर आई है, लेकिन फिलहाल गैस मिल रही है और खपत कम करने के लिए तंदूर का अधिक उपयोग किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने इस पहल की सराहना करते हुए अधिकारियों को वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वर्तमान में गैस का कोई बड़ा संकट नहीं है, लेकिन भविष्य की संभावनाओं को देखते हुए सभी को सतर्क रहना होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार गैस आपूर्ति को सुचारू बनाए रखने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। उन्होंने होटल और रेस्टोरेंट संचालकों के साथ-साथ आम जनता से अपील की कि आवश्यकता पड़ने पर सभी को एकजुट होकर स्थिति का सामना करना होगा।
उन्होंने कोरोना काल का उदाहरण देते हुए कहा कि जिस तरह देशवासियों ने एकजुटता और धैर्य का परिचय दिया था, उसी प्रकार की भावना इस बार भी जरूरी है। मुख्यमंत्री ने गैस के विकल्प के रूप में इंडक्शन और अन्य ऊर्जा स्रोतों के उपयोग पर भी जोर दिया और आश्वासन दिया कि सरकार हर स्थिति में जनता के साथ खड़ी है।




