उत्तराखण्ड
रामनगर–देहरादून के बीच पहली एक्सप्रेस ट्रेन शुरू, रेल मंत्रालय ने दी मंजूरी।

संवादसूत्र देहरादून: उत्तराखंड के कुमाऊँ और गढ़वाल मंडलों के बीच रेल संपर्क को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए रेल मंत्रालय ने 15310/15309 रामनगर–देहरादून–रामनगर द्विसाप्ताहिक एक्सप्रेस के संचालन को मंजूरी दे दी है। इस नई ट्रेन के शुरू होने से नैनीताल, ऊधम सिंह नगर, हरिद्वार, देहरादून के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद और बिजनौर जिलों के यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी।
यह नई एक्सप्रेस ट्रेन क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करेगी। इसके संचालन के लिए सांसद अनिल बलूनी के प्रयासों का भी उल्लेख किया गया है। खास बात यह है कि रामनगर और देहरादून के बीच चलने वाली यह पहली एक्सप्रेस ट्रेन होगी।
ट्रेन का समय और ठहराव
द्विसाप्ताहिक एक्सप्रेस प्रत्येक बुधवार और शुक्रवार को रामनगर से सुबह 5:50 बजे रवाना होकर 12:40 बजे देहरादून पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन उसी दिन दोपहर 3:55 बजे देहरादून से चलकर रात्रि 11:30 बजे रामनगर पहुंचेगी।
मार्ग में ट्रेन काशीपुर, रोशनपुर, पीपलसाना, मुरादाबाद, नजीबाबाद और हरिद्वार स्टेशनों पर ठहरेगी।
यात्रियों को होगा व्यापक लाभ
नई रेल सेवा से छात्रों, किसानों, व्यापारियों, नौकरीपेशा लोगों और आम यात्रियों को प्रदेश की राजधानी देहरादून तथा हरिद्वार तक आसान और सुविधाजनक रेल संपर्क मिलेगा। यात्री अब एक ही दिन में अपने आवश्यक कार्य निपटाकर वापस लौट सकेंगे।
पर्यटन और चारधाम यात्रा को मिलेगा बढ़ावा
यह ट्रेन जिम कॉर्बेट राष्ट्रीय उद्यान आने वाले पर्यटकों, वन्यजीव प्रेमियों तथा गिरिजा देवी मंदिर और सीतामढ़ी/सीतावनी जैसे धार्मिक एवं पौराणिक स्थलों के श्रद्धालुओं के लिए भी लाभदायक साबित होगी। साथ ही हरिद्वार और देहरादून से बद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री की चारधाम यात्रा पर जाने वाले यात्रियों को बेहतर रेल संपर्क उपलब्ध होगा।
आधुनिक सुविधाओं से होगी लैस
यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रेन में एसी द्वितीय श्रेणी, एसी तृतीय श्रेणी, एसी चेयर कार, शयनयान (स्लीपर), द्वितीय श्रेणी चेयर कार तथा सामान्य द्वितीय श्रेणी के कोच उपलब्ध कराए जाएंगे। नई रेल सेवा से उत्तराखंड में पर्यटन, तीर्थाटन, शिक्षा, व्यापार और स्थानीय आवागमन को नई गति मिलने की उम्मीद है।




