उत्तराखण्ड
राज्य में बारिश-तूफान का अलर्ट, 12 अप्रैल तक बदला रहेगा मौसम।

संवादसूत्र देहरादून: उत्तराखंड में मौसम ने अचानक करवट ली है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में बारिश, तेज हवाओं और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है।
मंगलवार को देहरादून, टिहरी, हरिद्वार और उत्तरकाशी के कुछ हिस्सों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, बारिश होने और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। वहीं, अन्य जिलों में हल्की बारिश और आंधी को लेकर येलो अलर्ट घोषित किया गया है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, प्रदेशभर में 12 अप्रैल तक मौसम का मिजाज बदला रहेगा। पिछले कुछ दिनों से पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी जारी है, जिससे ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ठंड बनी हुई है। वहीं, मैदानी इलाकों में भी ठंडी हवाओं के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
तापमान की बात करें तो देहरादून का अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से कम है, जबकि न्यूनतम तापमान 16.3 डिग्री रहा। वहीं नई टिहरी में अधिकतम तापमान 17.5 डिग्री और न्यूनतम 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से काफी नीचे है।
मौसम में आए इस बदलाव से जहां पहाड़ों में ठंड बढ़ गई है, वहीं मैदानों में भी शाम के समय ठंड का अहसास होने लगा है। हालांकि दिन में बादल छाए रहने से मौसम सुहावना बना हुआ है।




