उत्तराखण्ड
बीस सूत्री कार्यक्रम एवं कार्यान्वयन समिति के उपाध्यक्ष रामपाल सिंह ने संभाला कार्यभार।

संवादसूत्र देहरादून, 6 जून। बीस सूत्री कार्यक्रम एवं कार्यान्वयन समिति के नव नियुक्त उपाध्यक्ष रामपाल सिंह ने शनिवार को समिति कार्यालय में अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा सौंपी गई महत्वपूर्ण जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि बीस सूत्रीय कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। इसके लिए यह सुनिश्चित किया जाएगा कि सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाएं प्रभावी ढंग से धरातल पर लागू हों और पात्र लोगों तक उनका लाभ पहुंचे।
रामपाल सिंह ने अधिकारियों को विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट नियमित रूप से प्राप्त करने तथा समीक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की सतत निगरानी से विकास कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जा सकेगी।
कार्यभार ग्रहण कार्यक्रम के दौरान बीस सूत्री कार्यक्रम एवं कार्यान्वयन समिति के उपाध्यक्ष ज्योति प्रसाद गैरोला, रुद्रपुर के महापौर विकास शर्मा, निदेशक सुशील कुमार, संयुक्त निदेशक टी.एस. अन्ना सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।




