उत्तराखण्ड
सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर हरीश चंद्र जोशी ने मुख्यमंत्री राहत कोष में दिए ₹10 लाख।

संवादसूत्र देहरादून: समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी को सर्वोपरि मानते हुए सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर हरीश चंद्र जोशी, निवासी वसंत विहार (देहरादून) एवं मूल निवासी जहरिखाल (पौड़ी गढ़वाल), ने मुख्यमंत्री राहत कोष में 10 लाख रुपये की उदार धनराशि प्रदान की।
ब्रिगेडियर जोशी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भेंट कर उन्हें चेक सौंपा। यह योगदान राज्य में पूर्व में आई दैवीय आपदाओं के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों के साथ-साथ आपदा से प्रभावित गरीब एवं वंचित बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और आजीविका में सहयोग के उद्देश्य से दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने इस अनुकरणीय पहल के लिए ब्रिगेडियर जोशी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि एक अनुभवी सैन्य अधिकारी का यह योगदान राज्य और समाज के समग्र विकास के प्रति उनकी गहरी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रेरक कदम समाज में सेवा और सहयोग की भावना को और सुदृढ़ करते हैं।
इस अवसर पर ब्रिगेडियर एच.के. जोशी की पुत्री सुश्री शानू जोशी भी उपस्थित रहीं।




