उत्तराखण्ड
बीएलओ और फील्ड स्टाफ की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता: मुख्य निर्वाचन अधिकारी।

संवादसूत्र देहरादून: विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत कार्य कर रहे बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) और फील्ड स्टाफ की सुरक्षा को लेकर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि यदि किसी बीएलओ के साथ असामाजिक तत्वों द्वारा अभद्रता या दुर्व्यवहार की घटना सामने आती है तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि प्रदेश में वर्तमान में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान संचालित किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत बीएलओ और फील्ड स्टाफ पूरी निष्ठा और मेहनत के साथ कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे कर्मचारियों के साथ अभद्रता की घटनाएं उनके मनोबल को प्रभावित करती हैं और निर्वाचन कार्यों में बाधा उत्पन्न करती हैं।
डॉ. पुरुषोत्तम ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारु और पारदर्शी बनाए रखने में बीएलओ की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसलिए उनके सम्मान और सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
उन्होंने प्रदेश के सभी मतदाताओं और नागरिकों से अपील की कि वे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में तैनात बीएलओ और फील्ड स्टाफ का सहयोग करें तथा निर्वाचन संबंधी कार्यों को सफल बनाने में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।




