उत्तराखण्ड
केदारनाथ यात्रा व्यवस्थाओं की प्रभारी सचिव ने की समीक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करने के निर्देश।

संवादसूत्र देहरादून, 18 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में केदारनाथ धाम यात्रा को सुरक्षित, सुचारु और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए राज्य सरकार लगातार यात्रा व्यवस्थाओं की निगरानी कर रही है। इसी क्रम में प्रभारी सचिव आवास एवं राज्य संपत्ति विभाग डॉ. आर. राजेश कुमार ने मंगलवार को रुद्रप्रयाग जिले में संचालित केदारनाथ यात्रा व्यवस्थाओं की वर्चुअल समीक्षा की।
उन्होंने जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग से यात्रा मार्ग, प्रमुख पड़ावों, यात्रियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और वर्तमान व्यवस्थाओं की जानकारी ली। साथ ही यात्रा के दौरान सामने आ रही चुनौतियों के त्वरित समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
यात्रा मार्ग पर व्यवस्थाएं सुचारु, पेयजल-विद्युत आपूर्ति सामान्य
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि वर्तमान में केदारनाथ यात्रा सुचारु रूप से संचालित हो रही है। यात्रा मार्ग और प्रमुख पड़ावों पर यात्रियों की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध हैं तथा पेयजल और विद्युत आपूर्ति से संबंधित कोई बड़ी समस्या नहीं है।
प्रभारी सचिव ने निर्देश दिए कि यात्रा मार्ग से केदारनाथ धाम तक सभी व्यवस्थाएं लगातार प्रभावी बनाए रखी जाएं। यात्रियों की सुविधा से जुड़ी छोटी से छोटी समस्या का तत्काल संज्ञान लेकर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।
स्वास्थ्य सेवाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता
प्रभारी सचिव ने यात्रा मार्ग पर स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति की भी समीक्षा की। जिलाधिकारी ने बताया कि स्वास्थ्य सेवाएं संचालित हैं, हालांकि विशेषज्ञ चिकित्सकों की कुछ कमी महसूस की जा रही है और अतिरिक्त विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती का अनुरोध किया गया है।
डॉ. आर. राजेश कुमार ने स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करने तथा विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी दूर करने के लिए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने यात्रा मार्ग पर चिकित्सा सेवाओं की निरंतर निगरानी के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि देश के विभिन्न राज्यों और विदेशों से श्रद्धालु केदारनाथ पहुंच रहे हैं। ऐसे में किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य तंत्र पूरी तरह तैयार रहना चाहिए।
घोड़ा-खच्चरों के स्वास्थ्य और पशु कल्याण पर जोर
प्रभारी सचिव ने यात्रा मार्ग पर घोड़ा-खच्चरों और अन्य पशुओं से संबंधित व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली। उन्होंने पशुओं के स्वास्थ्य, संचालन और पशु कल्याण से जुड़े प्रबंधों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रा के दौरान पशुओं के साथ मानवीय व्यवहार किया जाए और निर्धारित मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित हो।
उन्होंने पशुओं के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी, आवश्यक चिकित्सा सुविधाओं और संचालन व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने को कहा।
सभी विभाग आपसी समन्वय से करें काम
डॉ. आर. राजेश कुमार ने साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य, यातायात, सुरक्षा सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को प्रभावी बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि केदारनाथ यात्रा राज्य की महत्वपूर्ण धार्मिक यात्राओं में शामिल है और श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने जिलाधिकारी और संबंधित विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय से कार्य करने तथा यात्रा के दौरान सामने आने वाली किसी भी समस्या का तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही यात्रा व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा कर आवश्यकता के अनुसार सुधार करने को कहा।
प्रभारी सचिव ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों के अनुरूप केदारनाथ यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाए रखना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करने के साथ विशेषज्ञ चिकित्सकों की आवश्यकता को पूरा किया जाएगा। उन्होंने पेयजल, विद्युत, स्वच्छता, यातायात और सुरक्षा व्यवस्थाओं की निरंतर निगरानी तथा घोड़ा-खच्चरों के साथ मानवीय व्यवहार सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।




