उत्तराखण्ड
बीएएमएस छात्र की आत्महत्या से सनसनी, सुसाइड नोट में लिखा—‘मैं जिंदगी से हार गया’।

संवादसूत्र देहरादून/हरिद्वार: ऋषिकुल आयुर्वेदिक कॉलेज के बीएएमएस द्वितीय वर्ष के छात्र ने गंगा में कूदकर आत्महत्या कर ली। छात्र का शव पथरी पावर हाउस क्षेत्र से बरामद हुआ। कमरे से मिले सुसाइड नोट में उसने स्वयं को “असफल इंसान” बताते हुए जिंदगी से हार जाने की बात लिखी है।
मृतक की पहचान 23 वर्षीय यशपाल पुत्र पुष्पेंद्र पाल, निवासी इंद्रानगर, जिला गोरखपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। वह हरिद्वार के मायापुर क्षेत्र में किराये के कमरे में रहकर पढ़ाई कर रहा था।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार से यशपाल लापता था। देर शाम पथरी पावर हाउस से एक शव मिलने की सूचना पर जांच की गई। शनिवार सुबह मोर्चरी में साथियों ने शव की शिनाख्त की। इसके बाद कमरे की तलाशी में सुसाइड नोट बरामद हुआ।
घटना की जानकारी मिलते ही कॉलेज में छात्रों का आक्रोश फूट पड़ा। उन्होंने कॉलेज प्रबंधन पर परीक्षाओं और परिणाम में देरी के कारण मानसिक दबाव बनने का आरोप लगाते हुए हंगामा और धरना-प्रदर्शन किया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के समझाने के बाद स्थिति शांत हुई।
शहर कोतवाली प्रभारी रितेश शाह ने बताया कि परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा और मामले की जांच की जा रही है।




