उत्तराखण्ड
जनदर्शन: जनमानस के प्रति जिला प्रशासन की संवेदनशीलता,कैंसर उपचार से लेकर विवाह सहायता तक, शिक्षा से लेकर भरण-पोषण तक मिली त्वरित राहत।

संवादसूत्र देहरादून: जिला प्रशासन देहरादून द्वारा आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम आम नागरिकों के लिए भरोसेमंद समाधान का मंच बनता जा रहा है। जिलाधिकारी सविन बंसल की अध्यक्षता में आयोजित जनदर्शन में 130 से अधिक शिकायतें एवं प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें जनपद देहरादून सहित प्रदेश के अन्य जनपदों से आए फरियादियों ने भी अपनी समस्याएं रखीं।
जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनदर्शन में प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और संवेदनशीलता के साथ निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही यह भी कहा कि प्रत्येक प्रकरण के निस्तारण के बाद संबंधित शिकायतकर्ता को अनिवार्य रूप से अवगत कराया जाए, जिससे जनमानस का प्रशासन पर विश्वास और सुदृढ़ हो।
82 वर्षीय बुजुर्ग महिला को मिला न्याय, भरण-पोषण अधिनियम में वाद दर्ज
सहारनपुर रोड निवासी 82 वर्षीय बुजुर्ग महिला संतोष ने जनदर्शन में बताया कि पति की मृत्यु के बाद उन्होंने अपनी संपत्ति पुत्र के नाम गिफ्ट डीड कर दी थी। पुत्र की मृत्यु के उपरांत बहू द्वारा देखभाल न किए जाने से वे लावारिस स्थिति में हैं। जिलाधिकारी ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए भरण-पोषण अधिनियम के अंतर्गत वाद दर्ज कराने के निर्देश दिए।
एकल माता और विधवा की बेटियों की शिक्षा को मिला सहारा
ओगल भट्टा निवासी एकल माता मोनिका की दो बेटियों की शिक्षा प्रोजेक्ट नंदा–सुनंदा के अंतर्गत पुनर्जीवित किए जाने के निर्देश दिए गए।
वहीं झंडा मोहल्ला निवासी विधवा रेनू देवी की पुत्री अनुष्का की शिक्षा नंदा–सुनंदा योजना से तथा पुत्र अर्णीत की फीस माफी हेतु विद्यालय प्रबंधन से समन्वय कर सहयोग के निर्देश दिए गए।
कैंसर पीड़िता को राइफल फंड से सहायता का आश्वासन
ग्राम चमेली, नरेंद्रनगर (टिहरी गढ़वाल) निवासी उमा रानी ने बताया कि पीजीआई चंडीगढ़ में विगत पांच वर्षों से उनका उपचार चल रहा है, जहां चिकित्सकों द्वारा कैंसर की पुष्टि हुई है। जिलाधिकारी ने राइफल क्लब फंड से आर्थिक सहायता हेतु प्रभारी अधिकारी शस्त्र को पत्रावली प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
पुत्री के विवाह हेतु आर्थिक सहायता
गांधीग्राम निवासी सुनीता देवी ने बताया कि उनके पति विगत 10 वर्षों से अस्वस्थ हैं तथा आगामी मार्च माह में पुत्री का विवाह प्रस्तावित है। जिलाधिकारी ने समाज कल्याण विभाग को शासन की योजनाओं के अंतर्गत विवाह हेतु आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
18 माह से लंबित दाखिल-खारिज पर डीएम सख्त
मालदेवता निवासी गौरव पवार द्वारा 18 माह से लंबित दाखिल-खारिज प्रकरण की शिकायत की गई। प्रकरण तहसील स्तर पर चिह्नित होने के बावजूद पटवारी स्तर पर लंबित पाया गया। जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए अगले दिन तक आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए तथा अनुपालन न होने की स्थिति में संबंधित पटवारी के निलंबन की पत्रावली प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी सविन बंसल ने स्पष्ट किया कि जन समस्याओं के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी, और प्रशासन का प्रत्येक अधिकारी जनहित के प्रति अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ करेगा।
इस अवसर पर विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी स्मृता परमार, उप जिलाधिकारी सदर हरिगिरि, उप जिलाधिकारी न्याय कुमकुम जोशी, उप नगर आयुक्त संतोष कुमार, मुख्य शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार ढौंडियाल, जिला प्रोबेशन अधिकारी मीना बिष्ट, जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल सहित विद्युत, एमडीडीए, पेयजल, लोक निर्माण विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।




