उत्तराखण्ड
बदरीनाथ-केदारनाथ में बर्फबारी, देहरादून-हरिद्वार समेत कई जिलों में बारिश से लौटी ठंड।

संवादसूत्र देहरादून: देवभूमि उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। रविवार को ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे ठंड का असर फिर बढ़ गया।
बदरीनाथ धाम और केदारनाथ धाम सहित ऊंचाई वाले इलाकों में सुबह से बर्फबारी हुई। वहीं हेमकुंड साहिब और फूलों की घाटी क्षेत्र में भी हिमपात दर्ज किया गया। कड़ाके की ठंड और विषम परिस्थितियों के बावजूद धाम में पुलिस और भारत‑तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के जवान मुस्तैदी से तैनात हैं। यहां तापमान शून्य से नीचे चला गया है।
मैदानी और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश से ठंड बढ़ गई है। देहरादून, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और चंपावत के कई इलाकों में बारिश और तेज हवाएं चलीं। वहीं ज्योतिर्मठ, गोपेश्वर, पीपलकोटी, चमोली और पोखरी में भी बारिश से मौसम ठंडा हो गया।
मौसम विभाग ने कई जिलों में तेज हवाओं को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं बिजली चमकने, तेज बारिश और ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले चार-पांच दिनों में अधिकतम तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है।
बारिश से जंगलों को राहत
रविवार को हुई बारिश से प्रदेश में जंगलों की आग की घटनाओं पर भी लगाम लगी है। बारिश के कारण करीब 23 स्थानों पर लगी आग स्वतः बुझ गई। सर्दियों में पर्याप्त बारिश और बर्फबारी न होने से जंगल सूखे थे, जिसके कारण नवंबर से ही वनाग्नि की घटनाएं सामने आने लगी थीं।
दून की हवा हुई साफ
दून घाटी में हल्की से मध्यम बारिश के बाद वातावरण भी साफ हो गया। शहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 100 से नीचे आकर 87 दर्ज किया गया। बारिश के बाद चली ठंडी हवाओं से लोगों को बढ़ती गर्मी और उमस से राहत मिली तथा मौसम सुहावना हो गया।




