उत्तराखण्ड
सोमनाथ स्वाभिमान पर्व यात्रा का हुआ सफल समापन, श्रद्धालु लौटे उत्तराखंड।

संवादसूत्र देहरादून: उत्तराखंड से ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व यात्रा’ पर गए श्रद्धालुओं का दल शनिवार, 19 जुलाई 2026 को प्रातः 8:00 बजे हर्रावाला रेलवे स्टेशन पहुंचा। यात्रा से लौटे श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया। अधिकांश यात्री हरिद्वार रेलवे स्टेशन से अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना हुए। इनमें कुमाऊँ और गढ़वाल मंडल के पर्वतीय जनपदों के साथ ही हरिद्वार जनपद के श्रद्धालु भी शामिल थे।
इसके अलावा पतंजलि योगपीठ, गायत्री तीर्थ शांतिकुंज तथा परमार्थ निकेतन से जुड़े तीर्थयात्री भी हरिद्वार रेलवे स्टेशन से अपने-अपने गंतव्य के लिए प्रस्थान कर गए।
श्रद्धालुओं ने बताया कि सोमनाथ स्वाभिमान पर्व यात्रा उनके लिए आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और भावनात्मक रूप से अत्यंत संतोषप्रद रही। भगवान सोमनाथ के दर्शन और यात्रा के दौरान मिले आध्यात्मिक वातावरण ने उन्हें असीम शांति, आत्मिक तृप्ति और नई ऊर्जा का अनुभव कराया।
इस प्रकार आस्था, संस्कृति और राष्ट्रीय स्वाभिमान का संदेश लेकर निकली ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व यात्रा’ का सफल एवं सुखद समापन हुआ। यात्रियों ने इस पहल को यादगार बताते हुए भविष्य में भी ऐसी धार्मिक यात्राओं के आयोजन की अपेक्षा जताई।




