उत्तराखण्ड
उत्तराखण्ड में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की शुरुआत, राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने भरे गणना फार्म।

संवादसूत्र देहरादून, 8 जून। उत्तराखण्ड में सोमवार से विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत हो गई। अभियान के पहले दिन राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) तथा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को गणना प्रपत्र उपलब्ध कराए गए और उन्होंने स्वयं फार्म भरकर प्रक्रिया में सहभागिता की।
राज्यपाल को नैनीताल स्थित लोक भवन में तथा मुख्यमंत्री को देहरादून में गणना फार्म सौंपा गया। इस अवसर पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम, निर्वाचन सचिव दिलीप जावलकर तथा अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदण्डे ने भी अपने गणना प्रपत्र भरकर बीएलओ को सौंपे।
अभियान के तहत विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को भी गणना फार्म वितरित किए गए। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, सीपीआई (एम) के प्रदेश महासचिव राजकुमार पुरोहित तथा बसपा के प्रदेश सचिव जसपाल सिंह को भी पहले दिन गणना प्रपत्र उपलब्ध कराए गए।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. पुरुषोत्तम ने सभी मतदाताओं से बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने बताया कि अभियान के पहले दिन शाम 4 बजे तक 2 लाख 55 हजार 269 गणना फार्म वितरित किए जा चुके हैं।
उन्होंने मतदाताओं से अनुरोध किया कि वे गणना फार्म के साथ अपना नवीनतम पासपोर्ट आकार का फोटो बीएलओ को उपलब्ध कराएं। साथ ही स्पष्ट किया कि 8 जून से 7 जुलाई तक घर-घर भ्रमण के दौरान गणना फार्म जमा करते समय किसी अतिरिक्त दस्तावेज की आवश्यकता नहीं होगी।
सहायता एवं जानकारी के लिए मतदाता टोल फ्री नंबर 1950 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त राज्य स्तर पर 1800-3300-1950 हेल्पलाइन नंबर भी उपलब्ध है।
यह विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान राज्य की मतदाता सूची को अद्यतन, त्रुटिरहित और अधिक सटीक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।




