उत्तराखण्ड
स्टेट प्रगति पोर्टल से होगी योजनाओं की सख्त मॉनिटरिंग।

संवादसूत्र देहरादून: मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने बुधवार को सचिवालय में स्टेट प्रगति पोर्टल की समीक्षा करते हुए स्पष्ट किया कि अब राज्य एवं केंद्र पोषित सभी महत्वपूर्ण योजनाओं की निगरानी इसी पोर्टल के माध्यम से की जाएगी। उन्होंने सभी विभागों को अपनी प्रमुख योजनाओं को शीघ्र पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने कहा कि पोर्टल को इस तरह विकसित किया जाए कि योजनाओं की विभागवार और योजनावार प्रभावी समीक्षा संभव हो सके। इसके साथ ही प्रत्येक परियोजना के लिए विभिन्न स्तरों पर माइलस्टोन तय करने पर जोर दिया, ताकि धीमी प्रगति वाले प्रोजेक्ट्स की समय रहते पहचान कर उन्हें गति दी जा सके।
उन्होंने निर्देश दिए कि सभी विभाग अपनी स्वरोजगार योजनाओं को भी पोर्टल में शामिल करें और पिछले 3 से 5 वर्षों में इन योजनाओं से उत्पन्न रोजगार का विस्तृत विश्लेषण तैयार किया जाए। इससे योजनाओं की वास्तविक स्थिति का आकलन कर कमियों को दूर किया जा सकेगा।
समीक्षा के दौरान स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं पर विशेष ध्यान दिया गया। मुख्य सचिव ने अस्पतालों, उप जिला अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों के निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने स्वास्थ्य योजनाओं में केवल भवन निर्माण ही नहीं, बल्कि मानव संसाधन और मशीनरी अपग्रेडेशन को भी शामिल करते हुए समग्र (होलिस्टिक) योजना बनाने के निर्देश दिए। साथ ही नए निर्माण में बेसमेंट पार्किंग को अनिवार्य रूप से शामिल करने पर जोर दिया।
बैठक में वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।




