उत्तराखण्ड
एलपीजी आपूर्ति पर सख्ती, चारधाम यात्रा और कुंभ-2027 तैयारियों की समीक्षा।

संवादसूत्र देहरादून: मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में सोमवार को सचिवालय में जिलाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में प्रदेश के विभिन्न प्रशासनिक और विकासात्मक मुद्दों की समीक्षा करते हुए मुख्य सचिव ने अधिकारियों को कई अहम निर्देश दिए।
एलपीजी आपूर्ति पर फोकस
मुख्य सचिव ने सभी जनपदों में एलपीजी गैस वितरण की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने खाद्य आपूर्ति विभाग और तेल कंपनियों को गैस एजेंसियों व वितरकों पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए। साथ ही लंबित बैकलॉग खत्म करने के लिए आपूर्ति बढ़ाने पर जोर दिया।
आगामी चारधाम यात्रा को देखते हुए कमर्शियल गैस की अतिरिक्त आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए केंद्र सरकार से समन्वय बनाने के निर्देश भी दिए गए।
भूमि अभिलेखों में तेजी के निर्देश
बैठक में खतौनी में अंश निर्धारण के कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने विशेष रूप से हरिद्वार, नैनीताल और अन्य मैदानी जिलों में इस कार्य में तेजी लाने को कहा। जिलाधिकारियों को साप्ताहिक लक्ष्य तय कर नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा डिजिटल क्रॉप सर्वे को भी तेज गति से पूरा करने पर जोर दिया गया।
कुंभ-2027 की तैयारियों पर चर्चा
बैठक में कुंभ 2027 की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने संबंधित विभागों को आवश्यक शासनादेश (जीओ) शीघ्र जारी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने नियोजन विभाग को टीएसी और ईएफसी से संबंधित प्रक्रियाएं जल्द पूरी करने को कहा और यह सुनिश्चित करने पर बल दिया कि कार्यों में किसी प्रकार की पुनरावृत्ति (डुप्लीकेसी) न हो।
बैठक में वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और दोनों मंडलों के आयुक्त सहित सभी जिलाधिकारी मौजूद रहे।




