उत्तराखण्ड
डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ से सीएम की वार्ता, समाधान को बनेगी सब-कमेटी।

संवादसूत्र देहरादून: पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखंड डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ के पदाधिकारियों से भेंट कर उनकी मांगों पर चर्चा की। प्रदेश में जारी हड़ताल के बीच हुई यह वार्ता समाधान की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है।
महासंघ के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री के समक्ष 27 सूत्रीय मांगें रखीं, जिनमें पदोन्नति, वेतनमान और पुरानी पेंशन व्यवस्था प्रमुख रही।
मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि सरकार उनकी मांगों के प्रति संवेदनशील है और सभी बिंदुओं का परीक्षण किया जाएगा। इसके लिए एक सब-कमेटी का गठन किया जाएगा, जो जल्द अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी।
उन्होंने कहा कि सरकार संवाद और समन्वय के माध्यम से समस्याओं का समाधान निकालने के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही जनहित से जुड़े कार्यों को प्रभावित न होने देने की अपील करते हुए इंजीनियर्स से सहयोगात्मक रुख अपनाने का आग्रह किया।




