उत्तराखण्ड
चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं से प्रभावित हुए सुनील शेट्टी, ऋषिकेश में की पुलिस-प्रशासन की सराहना।

संवादसूत्र देहरादून/ऋषिकेश: फिल्म अभिनेता सुनील शेट्टी ने चारधाम यात्रा की तैयारियों को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने यात्रा को लेकर फैलाई जा रही नकारात्मक धारणाओं को खारिज करते हुए अपने अनुभव को “शानदार” बताया।
उन्होंने कहा कि आमतौर पर चारधाम यात्रा के दौरान ट्रैफिक, भीड़ और अव्यवस्थाओं की शिकायतें सुनने को मिलती हैं, लेकिन इस बार उनका अनुभव इससे बिल्कुल अलग रहा। ऋषिकेश में बड़ी संख्या में तीर्थ यात्रियों की मौजूदगी के बावजूद यातायात और अन्य व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित हो रही हैं।
अभिनेता ने विशेष रूप से उत्तराखंड पुलिस और स्थानीय प्रशासन की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस 24 घंटे मुस्तैदी से काम कर रही है और भीषण गर्मी व भारी भीड़ के बावजूद यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो रही है।
उन्होंने यह भी संकेत दिया कि अपने अगले दौरे में वे स्वयं चारधाम के दर्शन के लिए जाएंगे। उनके इस बयान से स्पष्ट होता है कि चारधाम यात्रा इस बार सुव्यवस्थित और बेहतर प्रबंधन के साथ संचालित हो रही है।




