उत्तराखण्ड
देहरादून में ही रहेगा सर्वे ऑफ इंडिया मुख्यालय, केंद्र ने दी स्पष्टता।

संवादसूत्र देहरादून: पुष्कर सिंह धामी द्वारा सर्वे ऑफ इंडिया के मुख्यालय को देहरादून से अन्यत्र स्थानांतरित किए जाने के प्रस्ताव पर जताई गई चिंता के बाद केंद्र सरकार ने स्थिति स्पष्ट कर दी है।
केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. जितेंद्र सिंह ने मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में बताया है कि सर्वे ऑफ इंडिया के मुख्यालय को देहरादून से स्थानांतरित करने के संबंध में अभी तक विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा कोई स्वीकृति प्रदान नहीं की गई है।
केंद्र सरकार की इस स्पष्टता से यह संकेत मिला है कि फिलहाल सर्वे ऑफ इंडिया का मुख्यालय देहरादून में ही यथावत रहेगा।
मंत्री ने अपने पत्र में इस विषय पर मुख्यमंत्री द्वारा उठाई गई चिंता की सराहना करते हुए सर्वे ऑफ इंडिया के ऐतिहासिक, वैज्ञानिक और सामरिक महत्व को रेखांकित किया तथा इसके लिए मुख्यमंत्री का आभार भी व्यक्त किया।
गौरतलब है कि सर्वे ऑफ इंडिया देश की एक प्रमुख और ऐतिहासिक संस्था है, जिसका देहरादून में स्थित मुख्यालय राष्ट्रीय महत्व का केंद्र माना जाता है।




