उत्तराखण्ड
टिहरी सड़क हादसा: पीएम मोदी और सीएम धामी ने जताया शोक, मुआवजे का ऐलान।

संवादसूत्र देहरादून/टिहरी गढ़वाल: जनपद में हुई दर्दनाक वाहन दुर्घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है। प्रधानमंत्री ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से मृतकों के आश्रितों को 2-2 लाख रुपये तथा घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है।
राज्य सरकार की ओर से भी उत्तराखंड सड़क परिवहन दुर्घटना राहत नियमावली के तहत मृतकों के आश्रितों को 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।
इसी क्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से मृतकों के आश्रितों को 3-3 लाख रुपये तथा गंभीर घायलों को 50-50 हजार रुपये की अतिरिक्त सहायता देने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस दुखद घड़ी में सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और हरसंभव सहायता सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि घायलों का समुचित एवं त्वरित उपचार कराया जाए।
साथ ही जिला प्रशासन को निर्देशित किया गया है कि प्रभावित परिवारों से निरंतर संपर्क बनाए रखें और उन्हें तत्काल हर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाए।




