Connect with us

2 जुलाई को राज्य के सभी 13 जिलों में होगी सबसे बड़ी आपदा मॉक ड्रिल, तैयारियां पूरी।

आपदा

2 जुलाई को राज्य के सभी 13 जिलों में होगी सबसे बड़ी आपदा मॉक ड्रिल, तैयारियां पूरी।

संवादसूत्र देहरादून: मानसून के दौरान संभावित आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए उत्तराखंड में 2 जुलाई को राज्यव्यापी मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर होने वाली इस व्यापक अभ्यास में सभी 13 जिलों के 66 स्थानों पर राहत एवं बचाव कार्यों का पूर्वाभ्यास किया जाएगा। खास बात यह है कि इनमें 95 प्रतिशत स्थान पहली बार मॉक ड्रिल के लिए चुने गए हैं। मुख्यमंत्री स्वयं भी मॉक ड्रिल का निरीक्षण करेंगे।

मॉक ड्रिल से पहले मंगलवार को उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (यूएसडीएमए) के राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र में टेबल टॉप एक्सरसाइज आयोजित की गई। इसमें सभी जिलों और विभिन्न विभागों की आपदा प्रतिक्रिया प्रणाली, संसाधनों की उपलब्धता, विभागीय समन्वय तथा राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों का विस्तृत परीक्षण किया गया।

सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने कहा कि मॉक ड्रिल का उद्देश्य केवल अभ्यास करना नहीं, बल्कि वास्तविक आपदा के समय विभिन्न विभागों की तत्परता, संसाधनों की उपलब्धता, त्वरित निर्णय क्षमता और समन्वित प्रतिक्रिया प्रणाली को और अधिक मजबूत बनाना है। उन्होंने कहा कि पूर्व तैयारी ही प्रभावी आपदा प्रबंधन की आधारशिला है और इससे जन-धन की हानि को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

अभ्यास के दौरान अतिवृष्टि, बाढ़, भूस्खलन, जलभराव और मानव-वन्यजीव संघर्ष जैसी परिस्थितियों में राहत एवं बचाव कार्यों की रणनीति पर चर्चा की गई। साथ ही गोताखोरों, जल पुलिस, जेसीबी, नाव, राफ्ट सहित विभिन्न संसाधनों के उपयोग और राहत शिविरों में आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।

इस दौरान एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और अग्निशमन विभाग ने आधुनिक राहत एवं बचाव उपकरणों की प्रदर्शनी भी लगाई। प्रदर्शनी में सीबीआरएनई आपदाओं में इस्तेमाल होने वाले उपकरण, डीप डाइविंग सेट, नाइट विजन कैमरा, थर्मल इमेजिंग कैमरा, हाइड्रोलिक कटर, अंडरवाटर कम्युनिकेशन सिस्टम, अंडरवाटर ड्रोन और सोनार सिस्टम जैसे अत्याधुनिक उपकरण आकर्षण का केंद्र रहे।

मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून के वैज्ञानिक डॉ. रोहित थपलियाल ने बताया कि 30 जून को मानसून उत्तराखंड पहुंच चुका है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष सामान्य से कम वर्षा होने की संभावना है। जून में प्रदेश में 83 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जबकि सामान्य औसत 132 मिमी है।

वहीं, यूएसडीएमए के ‘सचेत’ और ‘भूदेव’ मोबाइल ऐप डाउनलोड अभियान के तहत एसडीआरएफ के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने दोनों ऐप डाउनलोड कर शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर लिया है। सचिव विनोद कुमार सुमन ने इसे तकनीक आधारित आपदा प्रबंधन की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

Ad Ad

More in आपदा

Ad Ad

Trending News

Follow Facebook Page

About Us

उत्तराखण्ड की ताज़ा खबरों से अवगत होने हेतु संवाद सूत्र से जुड़ें तथा अपने काव्य व लेखन आदि हमें भेजने के लिए दिये गए ईमेल पर संपर्क करें!

Email: [email protected]

AUTHOR DETAILS –

Name: Deepshikha Gusain
Address: 4 Canal Road, Kaulagarh, Dehradun, Uttarakhand, India, 248001
Phone: +91 94103 17522
Email: [email protected]