उत्तराखण्ड
मुख्यमंत्री ने विकास योजनाओं और आपदा राहत के लिए ₹8.61 करोड़ की मंजूरी दी।

संवादसूत्र देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने और आपदा प्रभावित परिवारों को त्वरित राहत उपलब्ध कराने के लिए कुल ₹8.61 करोड़ की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है।
मुख्यमंत्री ने विधानसभा क्षेत्र देहरादून कैंट के बंच केबल से वंचित क्षेत्रों में विद्युत विभाग द्वारा बंच केबल बिछाने के कार्य के लिए ₹4.92 करोड़ की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति दी है। इस परियोजना से संबंधित क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में मदद मिलेगी।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने जनपद उत्तरकाशी के तहसील भटवाड़ी के ग्राम धराली और हर्षिल तथा तहसील डुंडा, चिन्यालीसौड़, बड़कोट एवं मोरी क्षेत्र में आपदा से पूरी तरह क्षतिग्रस्त 123 आवासीय भवनों के प्रभावित परिवारों को राहत देने के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष से ₹3.69 करोड़ की स्वीकृति प्रदान की है। प्रत्येक पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त आवास के लिए ₹3 लाख की सहायता राशि दी जाएगी। इस संबंध में शासनादेश भी जारी कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार आपदा प्रभावित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों को समयबद्ध राहत उपलब्ध कराने के साथ-साथ प्रदेश में आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है।




